लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सुमेरपुर। सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नेतरा में विकास कार्यों की नई सौगात मिली है। क्षेत्र में तीन महत्वपूर्ण सड़कों की वित्तीय स्वीकृति मिलने पर ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई।
इस अवसर पर ग्रामीणों ने कैबिनेट मंत्री एवं विधायक जोराराम कुमावत (पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान विभाग) का भव्य स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें साफा पहनाकर और फूलमालाओं से अभिनंदन किया।
जानकारी के अनुसार कुल 4.55 करोड़ रुपए की लागत से तीन सड़कों के निर्माण को मंजूरी दी गई है। इसमें नेतरा से पराखिया तक सड़क के लिए 1.35 करोड़ रुपए, पराखिया से बिरोलिया तक सड़क के लिए 2.75 करोड़ रुपए तथा नेतरा से वराही माता मंदिर तक सड़क निर्माण के लिए 45 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।
ग्रामीणों ने बताया कि वराही माता मंदिर में धार्मिक आयोजनों के दौरान श्रद्धालुओं को लंबे समय से खराब रास्तों के कारण परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस मांग को लेकर स्थानीय लोगों ने कई बार आग्रह किया था, जिसे अब स्वीकृति मिल गई है।
कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत ने कहा कि उन्होंने यह मांग मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और पीडब्ल्यूडी मंत्री दिया कुमारी के समक्ष रखी थी, जिसके बाद बजट स्वीकृत हुआ। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे और इस विकास कार्य को क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।





















































