लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
उपखंड क्षेत्र के श्री दिगम्बर जैन सुखोदय अतिशय तीर्थ क्षेत्र सुथड़ा में जैन धर्म के 22वें तीर्थंकर भगवान नेमिनाथ का गर्भ कल्याणक महोत्सव बड़े ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष महावीर प्रसाद पराणा एवं महामंत्री अजय गोधा ने बताया कि भगवान नेमिनाथ ने गिरनार पर्वत पर गहन तपस्या की थी, जहाँ उन्हें केवलज्ञान (सर्वज्ञता) की प्राप्ति हुई। इसके बाद उन्होंने अहिंसा और अपरिग्रह का संदेश दिया और अंततः गिरनार पर्वत से ही मोक्ष प्राप्त किया।
प्रिंस शास्त्री देवांश के निर्देशन में कार्यक्रम की शुरुआत मंगलाष्टक, नित्य अभिषेक एवं शांति धारा से हुई। तत्पश्चात देव शास्त्र पूजा, चौबीस भगवान की मूलनायक प्रतिमा एवं भगवान नेमिनाथ की विशेष पूजा कर गर्भ कल्याणक महोत्सव मनाया गया।
नरेंद्र जैन एवं लोकेश जैन बनेठा ने बताया कि सोमवार सुबह साढ़े 6 बजे भक्तामर मंडल उनियारा द्वारा भक्तामर दीपार्चना का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।


















































