लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की उठाई मांग, पुलिस कार्यशैली पर जताया संतोष
भरतपुर। नदबई ज्वेलर्स हत्याकांड को लेकर व्यापारी वर्ग ने जिला कलेक्टर कमर चौधरी से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। व्यापारियों ने मृतक परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी और 50 लाख रुपये मुआवजा देने की मांग की।
इसके साथ ही उन्होंने हत्याकांड के आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग भी की। व्यापारियों ने इस दौरान पुलिस की कार्यशैली पर संतोष जताया। कलेक्टर ने आश्वासन दिया कि उनका मांग पत्र मुख्यमंत्री तक पहुंचाया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई थी ज्वेलर की हत्या
गौरतलब है कि बुधवार (25 मार्च) शाम करीब 7 बजे कस्बे के पंजाबी मोहल्ला स्थित श्रीराम मंदिर के पास अज्ञात बदमाशों ने ज्वेलर योगेश चोपड़ा उर्फ योगी की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
बताया जा रहा है कि दो बदमाश बाइक पर सवार होकर आए और वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपी सोने-चांदी के जेवरात से भरा बैग लेकर फरार हो गए।
मृतक योगेश चोपड़ा, पुत्र शांतिस्वरूप चोपड़ा, नगर रोड स्थित अपनी सर्राफा दुकान बंद कर स्कूटी से घर लौट रहे थे, तभी रास्ते में उन पर हमला किया गया।
क्षेत्र में आक्रोश, कार्रवाई की मांग तेज
घटना के बाद से क्षेत्र में व्यापारियों और आमजन में आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है।


















































