लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिला स्वयं सहायता समूहों से संवाद, कहा – ‘ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मिला बल, महिलाएं हो रहीं सशक्त’
जयपुर : मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को जवाहर कला केंद्र में आयोजित सरस राजसखी राष्ट्रीय मेले का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने देश-प्रदेश की महिला स्वयं सहायता समूहों (SHG) द्वारा लगाए गए स्टॉल्स का अवलोकन किया और उनके उत्पादों तथा हुनर की सराहना की।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान लखपति दीदी और स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं से आत्मीयता के साथ बातचीत की। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं न केवल अपने घर का प्रबंधन कर रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। यह ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान करने का एक अहम माध्यम है।
भजनलाल शर्मा ने आगे कहा कि सरस मेला इस बात का प्रमाण है कि सही नीति, सशक्त संस्थागत ढांचा और प्रभावी क्रियान्वयन के साथ ग्रामीण महिलाओं के जीवन में स्थायी और समावेशी परिवर्तन संभव है। यह मेला ‘आत्मनिर्भर राजस्थान – आत्मनिर्भर भारत’ के संकल्प का प्रतीक भी है।
मेला 4 जनवरी, 2026 तक चलेगा और इसमें 24 राज्यों की लगभग 300 स्टॉल्स लगी हैं। मेले में ग्रामीण भारत की समृद्ध परंपराओं, शिल्प कौशल, लोक कला, हैंडलूम, हैंडीक्राफ्ट और वस्त्र परंपराओं का प्रदर्शन और विक्रय किया जा रहा है।
इस अवसर पर मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव ग्रामीण विकास श्रेया गुहा, और आजीविका परियोजनाएं एवं स्वयं सहायता समूह की स्टेट मिशन निदेशक नेहा गिरी सहित बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।