लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
छुट्टी पर होने के बावजूद मानवता की मिसाल पेश कर बचाया हलवाई का लाखों का सामान
मारोठ/डीडवाना | रिपोर्ट: हितेश रारा
मारोठ थाना क्षेत्र के सोलाया गांव के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब हलवाई के सामान से भरी एक चलती पिकअप गाड़ी में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद मारोठ थाना के कांस्टेबल विक्रम मीणा ने साहस और सूझबूझ दिखाते हुए बड़ा हादसा टाल दिया।
छुट्टी में भी निभाई ड्यूटी
कांस्टेबल विक्रम मीणा छुट्टी लेकर अपनी निजी गाड़ी से पत्नी के साथ अपने गांव सुरेरा जा रहे थे। इसी दौरान सोलाया के पास उन्होंने एक पिकअप वाहन को चलते हुए देखा, जिसमें आग लगी हुई थी।
स्थिति की गंभीरता को समझते हुए विक्रम मीणा ने तुरंत अपनी गाड़ी पिकअप के आगे लगाकर उसे रुकवाया।
बहादुरी से बुझाई आग
इसके बाद विक्रम मीणा ने बिना समय गंवाए आसपास के घरों से पानी की बाल्टियां मंगवाईं और अपनी पत्नी के साथ मिलकर पिकअप में भरे हलवाई के सामान पर पानी डालकर आग बुझाने में जुट गए।
साथ ही, उन्होंने सामान को बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर व्यवस्थित किया, जिससे आग फैलने से पहले ही काबू पा लिया गया।
खाटू श्याम जी जा रहा था हलवाई का सामान
बताया जा रहा है कि पिकअप चालक खाटू श्याम जी में हलवाई का काम करता है और सामान लेकर जा रहा था। आग लगने से भारी नुकसान हो सकता था, लेकिन समय पर की गई कार्रवाई से बड़ा नुकसान टल गया।
हलवाई मालिक ने जताया आभार
घटना के बाद हलवाई मालिक ने कांस्टेबल विक्रम मीणा और उनकी पत्नी का आभार व्यक्त किया और उनकी बहादुरी व मानवता की खुले दिल से तारीफ की।
‘जाको राखे साइयां…’
घटना को देखकर स्थानीय लोगों ने कहा—
“जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई”
अगर समय रहते मदद नहीं मिलती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।
पहले भी कर चुके हैं सराहनीय कार्य
गौरतलब है कि कांस्टेबल विक्रम मीणा मारोठ थाने में आसूचना अधिकारी हैं। इससे पहले भी उन्होंने दो जघन्य हत्याकांडों का खुलासा किया था, जिसके लिए जिला पुलिस अधीक्षक द्वारा उनकी विशेष रूप से सराहना की जा चुकी है।