लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सिरोही। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सिरोही में ग्राम उत्थान शिविरों के उद्घाटन समारोह के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में हुए पेपरों की ओएमआर शीट में बदलाव के मामले की गूंज पूर्व मुख्यमंत्री के घर तक पहुंच रही है और इस प्रकरण में किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री के पीएसओ की भूमिका पर सभी की नजर है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि उन्हें अपना चश्मा बदलवाना चाहिए, ताकि उन्हें राजस्थान में हो रहा विकास नजर आ सके।

भजनलाल शर्मा ने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान कई क्षेत्रों में पलायन के पोस्टर लगते थे और लोगों को अपने घर छोड़ने के लिए मजबूर होना पड़ता था। इसी पृष्ठभूमि में राज्य सरकार ने अशांत क्षेत्र कानून लाने का निर्णय लिया है, जिससे कांग्रेस विचलित है। 

मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस हमेशा झूठ और भ्रम फैलाने का काम करती है। एसआईआर के नाम पर भी लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय लगातार पेपर लीक होते रहे, जबकि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में ऐसा एक भी मामला सामने नहीं आया है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का युग है, जनता को किसी प्रकार की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। पूर्ववर्ती सरकार के दौरान हुए घोटालों और युवाओं के साथ किए गए अन्याय के लिए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा।



















































