लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में होण्डा कार्स इंडिया लिमिटेड के प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक कर होण्डा के पहले ईवी मॉडल (होण्डा 0 अल्फा) का अनावरण किया। यह इलेक्ट्रिक वाहन राजस्थान के टपूकड़ा संयंत्र में इसी वर्ष उत्पादन के लिए तैयार होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि होण्डा का राजस्थान में ईवी मॉडल का उत्पादन करना गर्व की बात है और यह राज्य की प्रभावशाली निवेश नीतियों पर वैश्विक विश्वास का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि सितंबर 2024 में जापान यात्रा के दौरान उन्होंने होण्डा के शीर्ष प्रबंधन को ‘मेक इन इंडिया फॉर द वर्ल्ड’ के तहत राजस्थान में निवेश और ईवी उत्पादन के लिए आमंत्रित किया था।
ग्रीन मोबिलिटी और रोजगार के अवसर:
भजनलाल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरित ऊर्जा और ग्रीन मोबिलिटी को बढ़ावा देने तथा रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्ध है। राजस्थान में सौर ऊर्जा की अपार संभावनाएं और इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और गति देगा। उन्होंने कहा कि टपूकड़ा संयंत्र इलेक्ट्रिक वाहनों का प्रमुख उत्पादन केंद्र बनेगा और इससे पेट्रोल-डीजल पर निर्भरता कम होगी।
स्वच्छ परिवहन और नीति समर्थन:
मुख्यमंत्री ने कहा कि होण्डा का राजस्थान से जुड़ाव पुराना है। 2007 में संयंत्र का शिलान्यास हुआ, 2014 में उत्पादन प्रारंभ हुआ और अब 2026 में इलेक्ट्रिक वाहनों का उत्पादन शुरू होना राज्य के लिए गर्व की बात है। सरकार इलेक्ट्रिक वाहनों के ईवी खरीद अनुदान, चार्जिंग स्टेशनों की स्थापना और पुराने वाहन स्क्रैप करने पर छूट के माध्यम से स्वच्छ परिवहन को बढ़ावा दे रही है।
निर्यात एवं स्थानीय इको-सिस्टम:
बैठक में होण्डा ने अपनी इलेक्ट्रिक मोबिलिटी योजनाओं का विवरण साझा किया। नए ईवी मॉडल को घरेलू बाजार के साथ कई देशों में भी निर्यात किया जाएगा। होण्डा के प्रेसिडेंट एवं सीईओ ताकाशी नाकाजिमा ने कहा कि टपूकड़ा संयंत्र भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए प्रमुख उत्पादन केंद्र है और राजस्थान में ऑटो और ऑटोपार्ट्स की सप्लाई चेन का मजबूत इको-सिस्टम तैयार किया गया है।
बैठक में जापान से आए होण्डा प्रतिनिधिमंडल के सदस्य, मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

















































