लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
विधायक जाकिर हुसैन गेसावत ने भाजपा सरकार पर साधा निशाना, मनरेगा को बताया कांग्रेस की ऐतिहासिक उपलब्धि
रिपोर्ट: अब्दुल सलाम | मकराना
मकराना विधानसभा क्षेत्र में विधायक जाकिर हुसैन गेसावत के नेतृत्व में चलाया गया ‘मनरेगा बचाओ संग्राम’ अभियान एक बड़े जन-आंदोलन के रूप में सामने आया। बरवाला से शुरू होकर देवरी (सूरतपुरा) तक चले इस सघन जन-संवाद कार्यक्रम में हजारों की संख्या में ग्रामीणों और मनरेगा श्रमिकों ने भाग लिया। अभियान के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और अधिक प्रभावशाली बना दिया।
विभिन्न सभाओं को संबोधित करते हुए विधायक जाकिर हुसैन गेसावत ने भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि मनरेगा योजना कांग्रेस शासन की ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने ग्रामीण भारत की तस्वीर बदली और गरीब को काम का कानूनी अधिकार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार बजट में कटौती और तकनीकी जटिलताओं के माध्यम से इस जनकल्याणकारी योजना को कमजोर करने का प्रयास कर रही है।
गेसावत ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मनरेगा का बजट और 100 दिन का रोजगार श्रमिकों का संवैधानिक अधिकार है, जिसे कांग्रेस पार्टी किसी भी कीमत पर छिनने नहीं देगी। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस योजना को बचाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
कार्यक्रम में मौजूद पीसीसी सदस्य दिलीप सिंह राठौड़ और ब्लॉक अध्यक्ष दिलीप सिंह चौहान ने भी भाजपा सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि मनरेगा को कमजोर करने की हर साजिश का पुरजोर विरोध किया जाएगा। उप प्रधान प्रतिनिधि अर्जुन डूडी ने पंचायतों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सरकार की उदासीनता के कारण ग्रामीण विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी महावीर कूकना, सरपंच महेश जांगिड़, प्रेम जी (सरपंच प्रतिनिधि), सेवाराम भाकर और हरि सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि व स्थानीय नेता मौजूद रहे।
अभियान के दौरान जब कारवां बरवाला, बुडसू, गेलासर-लाडपुरा, जसरिया और देवरी पहुँचा, तो ग्रामीणों ने साफा पहनाकर विधायक का भव्य स्वागत किया। जन-संवाद के दौरान श्रमिकों ने भुगतान में देरी और ऑनलाइन हाजिरी जैसी तकनीकी समस्याओं को लेकर अपनी पीड़ा रखी।
विधायक गेसावत ने श्रमिकों को आश्वस्त किया कि वे इन सभी मुद्दों को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएंगे और मकराना के हर मजदूर के हक की लड़ाई पूरी ताकत से लड़ेंगे।

















































