महिलाएं अपने सपनों को पंख दें, हमारी सरकार आपके साथ खड़ी – भजनलाल शर्मा

0
33
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम:

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बोले—विकसित भारत के संकल्प में महिलाओं की भूमिका अहम

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “विकसित भारत” के लक्ष्य की ओर अग्रसर है और इस यात्रा में नारी शक्ति की भूमिका केंद्रीय है। उन्होंने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से लोकसभा और विधानसभा में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का मार्ग प्रशस्त हुआ है, जिससे राजनीति में उनकी भागीदारी और अधिक बढ़ेगी।

मुख्यमंत्री शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास पर आयोजित नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार ने महिला सशक्तीकरण को जीवन के हर क्षेत्र से जोड़ा है। उन्होंने महिलाओं से आह्वान किया, “आप अपने सपनों को पंख दीजिए, हमारी सरकार आपके साथ खड़ी है।”

उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन संस्कृति में महिलाओं को हमेशा सम्मान और अग्रणी भूमिका दी गई है। आज महिलाएं घर के साथ-साथ देश और प्रदेश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 के बाद महिला सशक्तीकरण को प्राथमिकता देते हुए प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, जन धन योजना, स्टैंड-अप इंडिया, स्वयं सहायता समूह, नमो ड्रोन दीदी और लखपति दीदी जैसी योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत किया है। उन्होंने बताया कि लखपति दीदी योजना के तहत प्रदेश में करीब 20 लाख महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है, जिनमें 16 लाख से अधिक महिलाएं लखपति श्रेणी में पहुंच चुकी हैं।

उन्होंने आगे कहा कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अभियान ने समाज में सकारात्मक बदलाव लाया है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत महिलाओं के नाम पर मकान आवंटन, उज्ज्वला योजना के तहत मुफ्त गैस कनेक्शन, स्वच्छ भारत मिशन के तहत शौचालय निर्माण और हर घर नल से जल योजना ने महिलाओं के जीवन स्तर को बेहतर बनाया है।

महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण पर विशेष ध्यान दे रही है। प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं को 5,000 रुपये की सहायता दी जाती है, जिसे राज्य सरकार ने बढ़ाकर 6,500 रुपये कर दिया है। इसके तहत प्रदेश की 11.58 लाख महिलाओं को 576 करोड़ रुपये की सहायता दी जा चुकी है।

उन्होंने बताया कि मा वाउचर योजना के तहत गर्भवती महिलाओं को निःशुल्क सोनोग्राफी सुविधा दी जा रही है। इसके साथ ही प्रधानमंत्री पोषण योजना, सुरक्षित मातृत्व अभियान, मिशन इंद्रधनुष और सक्षम आंगनबाड़ी जैसी योजनाएं भी संचालित हो रही हैं। हाल ही में अजमेर से एचपीवी वैक्सीन अभियान की शुरुआत की गई है, जो युवतियों को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षा प्रदान करेगा।

युवा नीति और रोजगार पर भी चर्चा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने युवाओं के लिए नई युवा नीति लागू की है, जिससे उद्यमिता को बढ़ावा मिल रहा है। मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के तहत ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। सरकार का लक्ष्य युवाओं को रोजगार प्राप्त करने के साथ-साथ रोजगार सृजनकर्ता बनाना है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में अब तक 1 लाख 25 हजार से अधिक नियुक्तियां दी जा चुकी हैं और 1 लाख 25 हजार नई भर्तियों की प्रक्रिया भी जारी है। सरकार का लक्ष्य 4 लाख सरकारी और 6 लाख निजी क्षेत्र में रोजगार उपलब्ध कराना है।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेशभर से आई महिलाओं और छात्राओं ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम के लिए सरकार का आभार जताया और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के लिए मुख्यमंत्री को धन्यवाद दिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं और कई ने मुख्यमंत्री के साथ सेल्फी भी ली।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here