लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
जयपुर में भाजपा का कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन
जयपुर | रूपनारायण सांवरिया
नई दिल्ली में विपक्ष के विरोध प्रदर्शनों और पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को जयपुर में प्रदेशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में प्रदेश कार्यालय से कांग्रेस प्रदेश कार्यालय की ओर पैदल मार्च निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता, महिला मोर्चा और युवा मोर्चा के सदस्य शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की।
मदन राठौड़ ने लगाए गंभीर आरोप
सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने आरोप लगाया कि पेपर लीक के नाम पर विपक्ष द्वारा चलाया गया आंदोलन छात्रों का नहीं, बल्कि कांग्रेस का सुनियोजित राजनीतिक अभियान था। उन्होंने दावा किया कि आंदोलन के दौरान हुई घटनाओं की जांच में कई गंभीर तथ्य सामने आए हैं और मामले की जांच जारी है।
राठौड़ ने आरोप लगाया कि विपक्ष छात्रों के मुद्दों का राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रहा है और लोकतांत्रिक संस्थाओं को बाधित करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संवाद और चर्चा के माध्यम से समाधान में विश्वास रखती है।
राहुल गांधी के धरने पर भी उठाए सवाल
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास के बाहर नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का धरना संसदीय परंपराओं के अनुरूप नहीं था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि विरोध प्रदर्शनों के दौरान मीडिया कर्मियों, विशेषकर महिला पत्रकारों के साथ अभद्र व्यवहार की घटनाएं हुईं, जिसकी भाजपा निंदा करती है।
धर्मेंद्र प्रधान के समर्थन में भाजपा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का बचाव करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में नई शिक्षा नीति के माध्यम से भारतीय संस्कृति, इतिहास और महापुरुषों को शिक्षा व्यवस्था में उचित स्थान दिया गया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग राजनीतिक कारणों से की जा रही है।
पूर्ववर्ती सरकार पर भी साधा निशाना
राठौड़ ने पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर भी निशाना साधते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में कई पेपर लीक की घटनाएं हुई थीं। उन्होंने सवाल उठाया कि उस समय संबंधित जिम्मेदार लोगों ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया।
बड़ी संख्या में नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद
विरोध प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रदेश कार्यालय में संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक परनामी, डॉ. अरुण चतुर्वेदी, नाहर सिंह जोधा, श्रवण सिंह बागड़ी, भूपेंद्र सैनी, मिथिलेश गौतम, नारायण मीणा, डॉ. अजीत मांडण, डॉ. अपूर्वा सिंह, एकता अग्रवाल, सीताराम पोसवाल, मुकेश पारीक, विधायक कालीचरण सराफ, गोपाल शर्मा, कैलाश वर्मा, पूर्व सांसद रामचरण बोहरा, मुख्य प्रवक्ता रामलाल शर्मा, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राखी राठौड़, युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष शंकर गोरा, ओबीसी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र कुमावत, अल्पसंख्यक मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हमीद खान मेवाती सहित कई जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















































