- Advertisement -
लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
एजीटीएफ की निगरानी में कुख्यात अपराधी जगदीप सिंह उर्फ़ जग्गा गिरफ्तार, प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी
जयपुर। राजस्थान पुलिस की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) को संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। लॉरेन्स विश्नोई गैंग से जुड़ा और वर्तमान में रोहित गोदारा गैंग के लिए काम कर रहा कुख्यात अपराधी जगदीप सिंह उर्फ़ जग्गा धुरकोट, जिला मोगा (पंजाब) को अमेरिका में डिटेन किया गया है।
यह गैंगस्टर लंबे समय से विदेश में बैठकर भारत में गैंग की एक्सटॉर्शन, फायरिंग और धमकी जैसी आपराधिक गतिविधियों को संचालित कर रहा था।
एजीटीएफ की निगरानी में गिरफ्तारी
अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस दिनेश एम.एन. के निर्देशन में AGTF ने इस अपराधी की लगातार निगरानी रखी।
जग्गा पहले लॉरेन्स विश्नोई गैंग के लिए पंजाब और राजस्थान में सक्रिय था। तीन वर्ष पूर्व यह अपने पासपोर्ट पर दुबई भाग गया और बाद में अवैध रूप से अमेरिका पहुंच गया। राजस्थान में बेल जंप करने पर उसके खिलाफ वारंट जारी किए गए थे।
राजस्थान और पंजाब में कई मुकदमे दर्ज
जगदीप सिंह उर्फ़ जग्गा पर पंजाब में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और वह न्यायालय द्वारा उद्घोषित अपराधी है।
राजस्थान में भी जोधपुर के प्रताप नगर और सरदारपुरा थानों में प्रकरण दर्ज हैं।
मार्च 2017: प्रताप नगर थाना क्षेत्र में डॉ. सुनील चंडक पर फायरिंग और जान से मारने की धमकी।
सितंबर 2017: सरदारपुरा थाना क्षेत्र में वासुदेव इसरानी मर्डर केस में लॉरेन्स विश्नोई और अनमोल विश्नोई के साथ जेल में बंद रहा।
विदेशी एजेंसियों के साथ समन्वय
AGTF टीम ने तत्कालीन डीआईजी योगेश यादव और वर्तमान डीआईजी दीपक भार्गव के सुपरविजन में जग्गा के ठिकानों पर लगातार दबिश दी।
विदेशी नेटवर्क की जानकारी जुटाकर अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया गया।
इसके बाद कनाडा-यूएसए बॉर्डर के समीप अमेरिकी एजेंसी ICE ने जग्गा को डिटेन किया।
भारत प्रत्यर्पण की प्रक्रिया जारी
फिलहाल जग्गा अमेरिकी पुलिस हिरासत में है। उसे भारत प्रत्यर्पित करने की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रत्यर्पण के बाद उससे गैंग के अन्य सदस्यों की जानकारी मिलने की संभावना है।
भारत लौटने के बाद भारतीय न्याय संहिता की धारा 111 के तहत अन्य प्रकरण दर्ज किए जाएंगे और संगठित अपराध में शामिल व्यक्तियों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
एजीटीएफ टीम के सदस्य
इस कार्रवाई में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिद्धांत शर्मा, नरोतम वर्मा, निरीक्षक रविन्द्र प्रताप, सुनील जांगिड़, मनीष शर्मा, कमल पुरी, हेड कांस्टेबल रमेश कुमार, कांस्टेबल सुभाषचंद और सुरेन्द्र कुमार शामिल रहे।
- Advertisement -















































