Home latest किरोड़ी लाल मीणा का औचक निरीक्षण, ₹50 करोड़ के मूंगफली स्टॉक की...

किरोड़ी लाल मीणा का औचक निरीक्षण, ₹50 करोड़ के मूंगफली स्टॉक की बिक्री रुकवाई

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 

जोधपुर। राजस्थान के कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा ने बुधवार को जोधपुर दौरे के दौरान एक कोल्ड स्टोरेज पर औचक निरीक्षण कर कथित रूप से अवैध तरीके से रखे गए मूंगफली बीज के बड़े भंडारण का खुलासा किया। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने करीब ₹50 करोड़ मूल्य के मूंगफली स्टॉक की बिक्री तत्काल प्रभाव से रोकने के निर्देश दिए।

मीडिया से बातचीत में मंत्री ने कहा कि कोल्ड स्टोरेज में रखा गया माल “प्रमाणित बीज” नहीं, बल्कि मंडियों से खरीदी गई साधारण एवं घटिया गुणवत्ता की मूंगफली है, जिसे बीज के रूप में किसानों को बेचने की तैयारी की जा रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि मथानिया क्षेत्र से मूंगफली खरीदकर उसे बीज के नाम पर पैक किया गया।

कृषि मंत्री ने कहा कि असली बीज वैज्ञानिक प्रक्रिया से तैयार किया जाता है। पहले किसानों को मूल बीज दिया जाता है, फिर उससे तैयार फसल को प्रमाणित प्रक्रिया के बाद प्रमाणित बीज के रूप में सप्लाई किया जाता है। लेकिन यहां मिला स्टॉक इस प्रक्रिया से तैयार नहीं हुआ है।

निरीक्षण के दौरान गुजरात की “गजराज” और “ग्रीन गणेश” नामक दो फर्मों के बिल भी सामने आए। बिलों में माल की डिलीवरी बीकानेर, बज्जू और नोखा की दर्शाई गई थी, जबकि स्टॉक जोधपुर में मिला। मंत्री ने बताया कि संबंधित पक्ष ई-वे बिल भी प्रस्तुत नहीं कर पाए, जिससे मामले में अनियमितता और अवैध भंडारण की आशंका और गहरा गई है।

मंत्री ने स्पष्ट किया कि फिलहाल पूरे स्टॉक की बिक्री पर रोक लगा दी गई है। साथ ही सैंपल लेकर प्रयोगशाला जांच और गुणवत्ता परीक्षण करवाने के निर्देश दिए गए हैं। जांच में यदि बीज घटिया या फर्जी पाया जाता है तो संबंधित लोगों के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम, बीज अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि किसानों को महंगे दामों पर साधारण मूंगफली बीज के नाम पर माल बेचने की कोशिश की जा रही थी, जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता था। कृषि विभाग के अधिकारियों को भी जांच पूरी होने तक किसी भी प्रकार की बिक्री नहीं होने देने के निर्देश दिए गए हैं।

कृषि मंत्री ने यह भी संकेत दिए कि जोधपुर में एक अन्य स्थान पर भी इसी तरह की शिकायत मिली है, जहां जल्द कार्रवाई की जाएगी।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version