लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
साध्वी मंडल का भव्य मंगल प्रवेश
उन्हेल (झालावाड़)। झालावाड़ जिले के विश्व प्रसिद्ध उन्हेल नागेश्वर जैन तीर्थ में शुक्रवार से चातुर्मास का शुभारंभ हो गया। चार माह तक चलने वाले इस धार्मिक आयोजन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान, प्रवचन, पूजा-अर्चना और आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इस वर्ष का चातुर्मास साध्वी राजरत्नश्रीजी म.सा., जिनकीर्तिश्रीजी म.सा. एवं देशनाकीर्तिश्रीजी म.सा. आदि ठाणा की पावन निश्रा में आयोजित किया जा रहा है।
बैंड-बाजों के साथ निकली भव्य शोभायात्रा
चातुर्मास के अवसर पर साध्वी मंडल का भव्य मंगल प्रवेश आलोट रोड स्थित गौशाला से हुआ। इस दौरान बैंड-बाजों के साथ नगर में भव्य शोभायात्रा निकाली गई। श्रद्धालु नाचते-गाते हुए शोभायात्रा में शामिल हुए और जगह-जगह साध्वी मंडल का स्वागत किया गया।
नगर के प्रमुख स्थानों पर श्रद्धालुओं ने चावल की गंवली कर साध्वी मंडल का अभिनंदन किया। जैन समाज के विभिन्न संगठनों और श्रद्धालुओं ने गुरु भगवंतों की आगवानी कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मांगलिक प्रवचनों से हुई चातुर्मास की शुरुआत
मंगल प्रवेश के बाद आराधना भवन में श्रद्धालुओं और आराधकों की उपस्थिति में साध्वी श्री के मांगलिक प्रवचन शुरू हुए। दोपहर में श्री पार्श्वनाथ पंचकल्याणक महापूजन का आयोजन किया गया।
वहीं संध्याकाल में भगवान की भव्य अंगरचना और रात्रि भक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया।
चार माह तक होंगे धार्मिक आयोजन
नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी कमेटी के अनुसार चातुर्मास के दौरान प्रतिदिन प्रवचन, धार्मिक आराधना, स्वाध्याय और अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
तीर्थ ट्रस्ट सचिव धर्मचंद जैन ने बताया कि चातुर्मास के दौरान देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और आराधक नागेश्वर तीर्थ पहुंचेंगे। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर धर्म लाभ लेने का आह्वान किया।
जैन समाज के संगठनों ने किया स्वागत
साध्वी मंडल के ऐतिहासिक मंगल प्रवेश के अवसर पर जैन श्री संघ, नागेश्वर तीर्थ पेढ़ी, नवरत्न परिवार, जैन सोशल ग्रुप, कुशल विचक्षण बहु मंडल, नवरत्न महिला मंडल और नवरत्न बालिका मंडल सहित विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों ने साध्वी श्री का भव्य स्वागत किया।
चातुर्मास के शुभारंभ के साथ ही नागेश्वर तीर्थ में आगामी चार माह तक धर्म, भक्ति और आध्यात्मिक गतिविधियों का विशेष माहौल देखने को मिलेगा।

















































