खरंटिया गांव में गहराया जल संकट, सूखी पड़ी टंकी और मवेशियों की खेलियां

0
43
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

समदड़ी। समदड़ी क्षेत्र में एक ओर भीषण जल संकट से आमजन परेशान हैं, वहीं दूसरी ओर खरंटिया गांव में सरकार द्वारा बनाई गई पानी की टंकी और मवेशियों के लिए बनी खेलियां लंबे समय से सूखी पड़ी हुई हैं। पानी की आपूर्ति नहीं होने से ग्रामीणों के साथ-साथ मवेशियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार गांव में पानी की समस्या को देखते हुए सरकार ने वर्षों पहले पानी की टंकी का निर्माण करवाया था और उसके पास मवेशियों के पीने के लिए खेलियां भी बनाई गई थीं। लेकिन लंबे समय से पानी की आपूर्ति बंद होने के कारण टंकी अब क्षतिग्रस्त होने की कगार पर पहुंच गई है, जबकि खेलियां भी सूखी पड़ी हुई हैं।

गांव के लोगों का कहना है कि वे किसी तरह महंगे दामों पर टैंकर मंगवाकर अपनी प्यास बुझा लेते हैं, लेकिन मवेशियों के लिए पानी की व्यवस्था करना मुश्किल हो गया है। खेलियों में पानी नहीं होने से मवेशियों को प्यासा रहना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का आरोप है कि इस समस्या को लेकर कई बार जलदाय विभाग के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया गया, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ है।

सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत हर गांव और ढाणी तक पानी पहुंचाने के बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं, लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि धरातल पर स्थिति अलग है। समदड़ी तहसील के कई गांवों की तरह खरंटिया में भी आज तक नियमित पानी की आपूर्ति शुरू नहीं हो पाई है।

ग्रामीणों ने मांग की है कि जल जीवन मिशन के तहत जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति सुचारु की जाए, ताकि गांव के लोगों और मवेशियों को इस गंभीर जल संकट से राहत मिल सके। अब देखना होगा कि जनप्रतिनिधि और जलदाय विभाग इस समस्या का समाधान कब तक कर पाते हैं।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here