लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
खेजड़ली मेले में शिरकत करेंगे
जयंत चौधरी ने उद्यमिता, कौशल विकास और डिजिटल शिक्षा पर बताया राजस्थान के युवाओं के लिए अवसर
जोधपुर: केंद्रीय कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी आज जोधपुर पहुंचे। वे मां अमृता देवी की याद में आयोजित खेजड़ली मेले में शामिल होंगे, जहां 363 वृक्ष शहीदों को श्रद्धांजलि दी जाएगी। एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री जयंत चौधरी ने कहा कि भारत सरकार का उद्देश्य देश के उद्यमियों, नौजवानों, किसानों और कामगारों के हितों का संरक्षण करना है। उन्होंने टैरिफ और वैश्विक व्यापार पर अपनी राय देते हुए कहा कि भारत के उत्पाद उच्च गुणवत्ता और मात्रा में विश्व स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने में सक्षम हैं।
जयंत चौधरी ने कहा कि भारत मल्टीपोलर दुनिया की ओर अग्रसर है और देश का फोकस चीन या किसी अन्य देश के साथ संबंधों में संतुलन बनाए रखने पर है। उन्होंने तकनीकी क्षेत्र, विशेषकर AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि अब केवल डिग्री हासिल करने से रोजगार नहीं मिलता, बल्कि युवा खुद को डिजिटल और तकनीकी कौशल के साथ तैयार करें। उन्होंने बताया कि Skill India Digital India Show प्रोग्राम और अन्य प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत छठी से बारहवीं कक्षा तक के छात्रों को निशुल्क कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराया जा रहा है।
मंत्री ने राजस्थान के नौजवानों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि नई ITI योजनाओं और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा का मौका मिलेगा। उन्होंने राज्य सरकार और बिश्नोई समाज के साथ संवाद को भी जारी रखने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर जयंत चौधरी ने तेजाजी दशमी और मां अमृता देवी को याद करते हुए कहा कि बिश्नोई समाज ने पेड़ों की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने बताया कि खेजड़ली आंदोलन और इस ऐतिहासिक घटना को राजस्थान के पाठ्यक्रम और NCERT पाठ्यक्रम में भी शामिल किया गया है, ताकि नई पीढ़ी इसकी सीख से अवगत हो। मंत्री ने कहा कि राजस्थान के युवाओं को तकनीकी, अकादमिक और वैश्विक अवसरों में बराबरी का हिस्सा मिलना चाहिए, जिससे वे दुनिया भर में अपने कौशल का प्रदर्शन कर सकें।


















































