लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
सांसद खेल महोत्सव 2025
25 दिसंबर तक पटेल स्टेडियम व चंद्रवरदाई नगर खेल मैदान में होंगे विविध खेल आयोजन
अजमेर से नितिन मेहरा
अजमेर। सांसद खेल महोत्सव राष्ट्रीय कार्यक्रम 2025 के अंतर्गत अजमेर संसदीय क्षेत्र में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का भव्य शुभारंभ किया गया। जिले के प्रमुख खेल स्थलों पटेल स्टेडियम एवं चंद्रवरदाई नगर खेल मैदान में आयोजित इन प्रतियोगिताओं में बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रतियोगिताएं 25 दिसंबर तक आयोजित की जाएंगी, जिनका समापन समारोह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्चुअल संबोधन के साथ संपन्न होगा।
सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत कुल 16 विभिन्न खेल विधाओं में 2500 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिससे यह आयोजन जिले के अब तक के सबसे बड़े खेल आयोजनों में शामिल हो गया है।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर मुख्य अतिथि देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भडाणा एवं युवा नेता सुभाष चौधरी ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर ओमप्रकाश भडाणा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को सामने लाने का सशक्त मंच है। यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, सामाजिक एकता और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करने का माध्यम है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह महोत्सव राजस्थान को भविष्य के उत्कृष्ट खिलाड़ी प्रदान करेगा।
भडाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार खेलों के प्रोत्साहन एवं युवा कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार की खेल नीतियों का सकारात्मक प्रभाव अब जमीनी स्तर पर दिखाई देने लगा है, जिससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के अधिक अवसर मिल रहे हैं।
भाजपा नेता सुभाष चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खेलों के प्रति दूरदर्शी सोच और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने की नीति के सकारात्मक परिणाम आज स्पष्ट रूप से नजर आ रहे हैं। सांसद खेल महोत्सव ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए एक मजबूत प्लेटफॉर्म बनकर उभरा है, जहां से खिलाड़ी जिला, प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचकर देश का नाम रोशन कर सकते हैं।
शुभारंभ समारोह के दौरान सुभाष चौधरी ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन किया और कुछ खेलों में स्वयं भाग लेकर खिलाड़ियों का मनोबल भी बढ़ाया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को सकारात्मक दिशा मिलती है और समाज में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा एवं खेल संस्कृति को बढ़ावा मिलता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रामप्रकाश के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम की सराहनीय भूमिका रही।
इस अवसर पर नगर निगम उपमहापौर नीरज जैन, सुरेंद्र सिंह शेखावत, सांसद खेल महोत्सव के संयोजक देवेंद्र सिंह शेखावत, अतिरिक्त जिला कलेक्टर वंदना खोरवाल, अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी ममता धाकड़, उप जिला शिक्षा अधिकारी स्वराज सिंह शेखावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी, भाजपा कार्यकर्ता, खिलाड़ी एवं खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
















































