लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
60 से अधिक मैन्युफैक्चरर लेंगे भाग, टर्नकी प्रोजेक्ट्स पर विशेषज्ञ देंगे मार्गदर्शन
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। वस्त्रनगरी भीलवाड़ा में इंडियन टेक्सटाइल एक्सेसरीज एंड मशीनरी मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन (इटम्मा) द्वारा 29वां प्रॉडक्ट कम कैटलॉग शो 31 जनवरी, शनिवार को दोपहर 2 बजे गांधीनगर स्थित रणबंका हैरिटेज रिसॉर्ट में आयोजित किया जाएगा। इस एक दिवसीय प्रदर्शनी में देशभर से 60 से अधिक मैन्युफैक्चरर भाग लेंगे और अपने प्रॉडक्ट कैटलॉग प्रदर्शित करेंगे। कार्यक्रम में 500 से अधिक उद्यमी, इंजीनियर और तकनीशियन के आने की संभावना है।
उद्देश्य: उद्योग और शिक्षा का संगम
इटम्मा के प्रेसिडेंट ओमप्रकाश मंत्री ने मेवाड़ चैंबर में आयोजित पत्रकारवार्ता में बताया कि यह आयोजन भारतीय वस्त्र मशीनरी एवं सहायक उद्योग से जुड़े उद्यमियों, तकनीशियनों, निर्णय-निर्माताओं और व्यापारियों को एक मंच पर जोड़ने का अवसर देगा। प्रदर्शनी में उद्योगपति अपने मशीनों के प्रदर्शन को बेहतर बनाने, उच्च गुणवत्ता वाले स्पेयर पार्ट्स और सहायक उपकरणों के लिए व्यावसायिक साझेदार खोज सकेंगे।
इस आयोजन में वस्त्र इकाइयों और मिलों के साथ संवाद स्थापित करने के लिए विशेष प्रावधान किया गया है। इसके अलावा मेवाड़ चैंबर, संगम यूनिवर्सिटी, एमएलवी टेक्सटाइल एंड इंजीनियरिंग कॉलेज और टीम (थ्राइविंग इंजीनियर्स एलुमनी ऑफ एमएलवीटीसी) के साथ एमओयू (समझौता ज्ञापन) पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
विशेष सत्र और स्टूडेंट्स के प्रोजेक्ट
राय डायरेक्टर जनरल (टेक्नीकल) एमडी म्हात्रे ने बताया कि बीके मेहता टेक्नोलॉजी नेटवर्किंग मिशन पर स्पेशल सेशन आयोजित किया जाएगा, जो शिक्षाविदों, उद्योग विशेषज्ञों, हितधारकों और सरकारी निकायों को जोड़ेगा।
देश के 10 से अधिक टेक्सटाइल यूनिवर्सिटी और संस्थानों के छात्र अपने प्रोजेक्ट प्रस्तुत करेंगे और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में उत्पादन से बाजार तक के विचार साझा करेंगे।
टर्नकी प्रोजेक्ट्स पर विशेष मार्गदर्शन
कार्यक्रम में टेक्निकल टेक्सटाइल्स टर्नकी प्रोजेक्ट्स पर विशेष सत्र भी होगा, जो भीलवाड़ा के टेक्नीकल टेक्सटाइल उद्योग के विकास के लिए एक मंच तैयार करेगा। मेवाड़ चैंबर के एमके जैन ने बताया कि आयोजन का उद्देश्य भीलवाड़ा में टेक्नीकल टेक्सटाइल उत्पादन बढ़ाना है। विशेषज्ञों की टीम आवेदक की मांग और बजट के अनुसार टेक्नीकल टेक्सटाइल मशीनरी के पूरे प्रोजेक्ट को डिजाइन और तैयार करने में सहायता करेगी।















































