लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
श्रीदादूदयाल आश्रम में होंगे भव्य आयोजन
किशनगढ़ रेनवाल। (नवीन कुमावत)
गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर किशनगढ़ रेनवाल शहर के चौमूं रोड स्थित मूंडियागढ़ के श्रीदादूदयाल आश्रम ‘श्री सुखसागर सेवा धाम’ में बुधवार को श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का माहौल रहेगा। गुरु पूर्णिमा महोत्सव के तहत आश्रम में विभिन्न धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
महोत्सव के दौरान श्रीमद दादूवाणी सरस स्वाध्याय, भजन-सत्संग, सामूहिक सत्संग, शोभायात्रा, गुरु दीक्षा कार्यक्रम और विशाल भंडारा प्रसादी का आयोजन होगा। 
सेवा धाम के गिरधारीजी महाराज ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर्व के अवसर पर बुधवार 29 जुलाई को सुबह 8:15 बजे श्री दादूवाणीजी की भव्य शोभायात्रा श्री सुखसागर सेवा धाम से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा के बाद सुबह 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक विशाल संत समागम एवं भव्य सत्संग का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं के लिए शाम 3:30 बजे से 7:30 बजे तक विशाल भंडारा प्रसादी की व्यवस्था रहेगी। वहीं, इसी दिन शाम 4:15 बजे से गुरु दीक्षा कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
आयोजक श्री सुखदेवजी महाराज ने सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होकर गुरु महिमा के इस आध्यात्मिक महोत्सव में सहभागी बनने की अपील की है। उन्होंने कहा कि गुरु पूर्णिमा का पर्व गुरु के प्रति श्रद्धा, समर्पण और आस्था को प्रकट करने का विशेष अवसर है।