लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
मकराना। (प्रदीप कुमार डागा)
शहर के नए बायपास रोड स्थित इम्मानुएल मिशन स्कूल में विद्यार्थियों द्वारा उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की निदेशिका डॉ. मरिया खरे ने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए पौधारोपण बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे हमें शुद्ध ऑक्सीजन, ठंडी हवा और मानसिक शांति प्रदान करते हैं। साथ ही ये पर्यावरण को स्वस्थ रखने के साथ मानव जीवन के लिए कई प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष लाभ पहुंचाते हैं।
विद्यालय के प्रिंसिपल पास्टर सेवियो ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि पेड़-पौधों के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि वृक्ष हमें जीवनदायिनी ऑक्सीजन, जल संरक्षण, फल, सब्जियां और अनाज सहित अनेक आवश्यक संसाधन प्रदान करते हैं। इसके अलावा पेड़ों से लकड़ी, कपास, औषधियां, रबड़, गोंद और गर्मी से बचाव के लिए शीतल छाया भी मिलती है।
इस अवसर पर विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने और अधिक से अधिक लोगों को पौधारोपण के लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
वृक्षारोपण अभियान में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं जाकिर हुसैन, यासमीन चौहान, खुशबू जाट, क्लिमेंटाइन मैडम, सुफियान खोखर, डोमिनिका सहित अन्य अध्यापक एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डाला।
