लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
लगातार 15 दिनों की उमस और इंतजार के बाद गुरुवार शाम को उनियारा शहर में काली घटाओं और तेज मेघ गर्जना के साथ करीब आधा घंटे झमाझम बारिश हुई।
सड़कों पर पानी, दुकानों में घुसा कीचड़
शाम 5 बजे शुरू हुई तेज बारिश से शहर की सड़कों पर पानी भर गया। न्यू मार्केट क्षेत्र में कीचड़ युक्त पानी जमा हो गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। अचानक बरसात से दुकानदारों का सामान भीग गया। न्यू मार्केट व्यापार मंडल अध्यक्ष रमेश जांगिड़ ने बताया कि तेज हवाओं और बरसात के चलते दुकानदारों को भारी परेशानी हुई और वे सामान समेटते नजर आए।
किसानों की बढ़ी चिंता
बरसात से जहां आमजन को उमस भरी गर्मी से राहत मिली, वहीं उड़द और मूंग की फसल काट रहे किसानों के लिए यह बारिश परेशानी लेकर आई। खेतों में खड़ी फसल और कटाई कर रहे मजदूर भीग गए, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
आसपास के गांवों में भी असर
शहर के निचले इलाकों में पानी भर गया और करीब आधे घंटे तक बारिश मध्यम से तेज गति से जारी रही। उपखंड के कई गांवों में भी मध्यम से तेज बरसात होने की जानकारी मिली है।














































