लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भरतपुर।
भरतपुर जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव बिलौटी में शनिवार दोपहर बड़ा हादसा टल गया। लगातार हो रही भारी बारिश के चलते एक दो मंजिला मकान अचानक भरभरा कर गिर गया। गनीमत रही कि हादसे के समय घर के लोग बाहर बैठे थे, वरना बड़ी जनहानि हो सकती थी।
मलबे में दबा लाखों का सामान
मकान मालिक हुकुम सिंह पुत्र शिवचरण ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 2 बजे हुआ। घर के सभी सदस्य बाहर बैठे थे, तभी अचानक पूरा मकान गिर पड़ा। मलबे में दबकर लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया।
बारिश से कमजोर हुई नींव
हुकुम सिंह ने बताया कि मकान करीब 7 साल पहले बनाया गया था, लेकिन लगातार बारिश से नींव कमजोर हो गई थी और दीवारों में दरारें पड़ गई थीं। आखिरकार शनिवार को पूरा मकान जमींदोज हो गया।
आर्थिक मदद की गुहार
हुकुम सिंह ने बताया कि उनके परिवार में करीब 12 से अधिक सदस्य हैं और आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। ऐसे में उन्होंने जिला प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की मांग की है।
ग्रामीण कर रहे सहयोग
गांव के लोगों ने भी पीड़ित परिवार की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है। ग्रामीण अनाज और अन्य आवश्यक वस्तुएं देकर सहयोग कर रहे हैं। साथ ही प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा दिलाने की मांग की गई है।














































