लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
अजा एकादशी के अवसर पर मंगलवार को उनियारा शहर के विभिन्न मंदिरों में विशेष धार्मिक आयोजन हुए। मंदिरों में भगवान विष्णु के स्वरूप की पूजा-अर्चना की गई और बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे।
राम रघुनाथ मंदिर में विशेष पूजा
राम रघुनाथ मंदिर में श्रद्धालु महिलाओं ने मंदिर की सीढ़ियों को धोकर दीपक जलाए और पुष्प, अक्षत आदि अर्पित कर भगवान के दर्शन किए। मंदिर पुजारी अमित भारद्वाज ने विशेष पूजा संपन्न करवाई और भक्तों को एकादशी की कथा सुनाई। महिलाओं ने भजन गाते हुए मंदिर की 108 परिक्रमा भी लगाई।
अन्य मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
राम रघुनाथ मंदिर के अलावा चारभुजा नाथ मंदिर, सत्यनारायण भगवान मंदिर, विश्वकर्मा भगवान मंदिर और रामद्वारा में भी भगवान के दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ रही। देर शाम तक श्रद्धालु मंदिरों में आते रहे और विशेष आरती में शामिल हुए।
अजा एकादशी का महत्व
राम रघुनाथ मंदिर के रमेश जांगिड़ ने बताया कि अजा एकादशी हर श्रद्धालु की मनोकामना पूर्ण करती है। भाद्रपद मास के कृष्ण पक्ष में आने वाली यह एकादशी अत्यंत शुभ और फलदायी मानी जाती है। धर्म शास्त्रों में वर्णन है कि विधिपूर्वक इस व्रत का पालन करने से अक्षय पुण्य की प्राप्ति होती है और जीवन के पाप नष्ट हो जाते हैं।
भजन-कीर्तन और गौ सेवा
एकादशी के अवसर पर मंदिरों में महिलाओं द्वारा भजन-कीर्तन किए गए। बावड़ी चौक में भक्तों ने गौ माता को हरा चारा खिलाकर पुण्य अर्जित किया। दिनभर मंदिरों में विशेष आरती हुई और भक्तों ने फलाहार कर एकादशी का व्रत खोला।