दुकान का ताला तोड़ ₹5 लाख लेकर फरार, अलमारी नहर में फेंकी

0
31
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

नई अनाज मंडी में बड़ी चोरी: 

भरतपुर।भरतपुर शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित नई अनाज मंडी में चोरों ने एक कमीशन एजेंट की दुकान को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर दुकान का ताला तोड़कर अलमारी उठा ले गए और उसमें रखे करीब 5 लाख रुपये चोरी कर फरार हो गए। बाद में खाली अलमारी को नहर में फेंक दिया गया।

एएसआई प्रवीण कुमार के अनुसार सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि चोरों ने कमीशन एजेंट सहदेव की दुकान का ताला तोड़कर अंदर रखी अलमारी ही उठा ली थी। अलमारी में करीब ₹5 लाख नकद रखे हुए थे, जिन्हें चोर अपने साथ ले गए।

घटना का पता उस समय चला जब आसपास के दुकानदारों ने सहदेव को उनकी दुकान का ताला टूटा होने की सूचना दी। मौके पर पहुंचकर जब उन्होंने दुकान की जांच की तो अलमारी गायब मिली। इसके बाद तुरंत कोतवाली थाना पुलिस को सूचना दी गई।

पीड़ित सहदेव ने बताया कि वह एक दिन पहले ही बैंक से ₹12 लाख रुपये निकालकर लाए थे, ताकि किसानों को भुगतान किया जा सके। इसमें से ₹7 लाख रुपये किसानों को दे दिए गए थे, जबकि शेष ₹5 लाख रुपये अलमारी में रखे हुए थे, जिन्हें चोर चोरी कर ले गए।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि चोर अलमारी को दुकान से उठाकर ले गए, उसमें से नकदी निकाल ली और बाद में अलमारी को नहर में फेंककर फरार हो गए।

घटना के बाद पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोरों की तलाश में जुटी हुई है।

इस वारदात के बाद नई अनाज मंडी के व्यापारियों में भारी रोष है। व्यापारियों ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को गिरफ्तार करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here