लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
हर घर तिरंगा अभियान बन रहा जन आंदोलन
जयपुर। हर घर तिरंगा अभियान के तहत मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास पर सपत्नीक तिरंगा झंडा फहराया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रध्वज फहराकर अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रभक्ति की भावना को प्रकट करने का एक महत्वपूर्ण पर्व है। तिरंगा देश की आन, बान और शान के साथ-साथ देश के वीर सपूतों के बलिदान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।
जन आंदोलन का रूप ले रहा अभियान
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार के प्रयासों और आमजन की सक्रिय भागीदारी से हर घर तिरंगा अभियान प्रदेशभर में जन आंदोलन का स्वरूप ले रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान में भाग लेने और राष्ट्रप्रेम का संदेश देने की अपील की।
उल्लेखनीय है कि केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने गत रविवार को जयपुर के अल्बर्ट हॉल से राज्य स्तरीय तिरंगा रैली को हरी झंडी दिखाकर 17 अगस्त तक चलने वाले ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की प्रदेश में शुरुआत की थी।
वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने को समर्पित
इस वर्ष का हर घर तिरंगा अभियान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में समर्पित है। प्रदेशभर में लोग पूरे उत्साह और उमंग के साथ अपने घरों, विद्यालयों, महाविद्यालयों तथा कार्यस्थलों पर तिरंगा फहरा रहे हैं।
अभियान के तहत गांवों और शहरों में तिरंगा यात्राएं, रैलियां तथा विभिन्न राष्ट्रभक्ति आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से युवाओं और आमजन में देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का प्रयास किया जा रहा है।
















































