लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
वाहन रैली और पुष्प वर्षा के साथ कार्यकर्ताओं ने किया अभिनंदन
जयपुर/दौसा | (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के दौसा आगमन पर पार्टी कार्यकर्ताओं और आमजन ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर वाहन रैली निकाली गई और हाईवे पर जगह-जगह पुष्प वर्षा कर नेताओं का अभिनंदन किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि दौसा की जनता द्वारा मिला स्नेह, प्यार और सम्मान उनके लिए अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने भूपेंद्र सैनी की मेहनत, ईमानदारी और सेवा की तारीफ करते हुए कहा कि वे समाज और दौसा का नाम रोशन कर रहे हैं। राठौड़ ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी ही वह दल है जहां एक सामान्य परिवार का व्यक्ति भी सेवा और मेहनत के बल पर शीर्ष पद तक पहुंच सकता है।
राजनीति सेवा के माध्यम से होनी चाहिए
मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत को विश्व स्तर पर सम्मान मिल रहा है। उन्होंने जनता से अपील की कि राजनीति में जागरूक रहें और शासन किसे सौंपना है, यह निर्णय जनता के हाथ में है। राठौड़ ने कहा कि राजनीति में प्रतिस्पर्धा सेवा की होनी चाहिए, न कि जातिवाद और प्रलोभन की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि राजस्थान ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है, और ईआरसीपी परियोजना को पूर्ववर्ती सरकार ने रोक रखा था, जबकि वर्तमान सरकार ने इसे गति दी।
भूपेंद्र सैनी ने कार्यकर्ताओं को किया प्रेरित
भाजपा प्रदेश महामंत्री भूपेंद्र सैनी ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि वे सभी को साथ लेकर पार्टी को और मजबूत करेंगे। उन्होंने विश्वास दिलाया कि आगामी पंचायत राज और नगर पालिका चुनावों में भाजपा को ऐतिहासिक सफलता मिलेगी और हर बूथ पर पार्टी का परचम लहराएगा।
सैनी ने प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व और पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि तुष्टिकरण की राजनीति करने वालों को यह समझ लेना चाहिए कि देश प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है। वर्ष 2014 के बाद भारत बदल चुका है, और प्रधानमंत्री मोदी का सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी होता है।
भूपेंद्र सैनी ने कहा कि भाजपा विचारधारा के साथ राष्ट्र को मजबूत करने के लिए कार्य कर रही है और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ के नेतृत्व में 2028 में राजस्थान में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी।



















































