लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
चौमहला (झालावाड़), सुनील निगम।
झालावाड़ जिले की चौमहला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में बच्चों के पोषण स्तर में सुधार तथा विटामिन A की कमी से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के उद्देश्य से विटामिन A अनुपूरण अभियान का शुभारंभ किया गया।
अभियान का उद्घाटन डिप्टी मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (DyCMHO) डॉ. अरविंद नागर, ब्लॉक मुख्य चिकित्सा अधिकारी (BCMO) डॉ. राजकुमार बघेला तथा जिला गुणवत्ता टीम की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि अभियान के तहत 9 माह से 5 वर्ष तक के बच्चों को विटामिन A की खुराक दी जाएगी। इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ेगी, रतौंधी जैसी समस्याओं की रोकथाम होगी तथा विभिन्न संक्रमणों का खतरा कम होगा।
डॉ. अरविंद नागर ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय पर विटामिन A की खुराक देना बेहद आवश्यक है। उन्होंने अभियान को सफल बनाने में समुदाय की सक्रिय भागीदारी पर भी जोर दिया।
वहीं, बीसीएमओ डॉ. राजकुमार बघेला ने कहा कि क्षेत्र के स्वास्थ्य कार्यकर्ता, आशा सहयोगिनी एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता अभियान को सफल बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करेंगे।
जिला गुणवत्ता टीम ने अभियान की तैयारियों, रिपोर्टिंग व्यवस्था, मॉनिटरिंग एवं अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए।
डॉ. राजकुमार बघेला ने बताया कि यह अभियान बच्चों के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है, जिसे पूरे ब्लॉक क्षेत्र में प्रभावी रूप से संचालित किया जाएगा।




















































