लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
भीमा गांव में भी आकाशीय बिजली के गिरने से एक गाय की भी मौत हुई
ओम प्रकाश सैनी
सीकर, लोसल । कस्बे के नजदीकी गांव बोसाणा में शुक्रवार शाम को हुई बरसात के दौरान एक खेत में पेड़ पर आकाशीय बिजली गिर गई। बारिश से बचने के लिए उस पेड़ के नीचे बैठे किसान की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार बोसाणा गांव निवासी 30 वर्षीय रामेश्वर योगी पुत्र जमनलाल योगी अपने खेत में बाजरें की फसल में निनाण कर रहा था,उसी समय बारिश शुरू हो गई और बारिश से बचने के लिए रामेश्वर लाल आड़ू के पेड़ के नीचे बैठ गया। इस दौरान उसी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से रामेश्वर लाल घायल हो गया।
आकाशीय बिजली गिरने से हुई तेज धमाके जैसी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रामेश्वर लाल को लोसल के उप जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद लोसल के उप जिला अस्पताल पहुंची धोद पुलिस ने परिजनों से मामले की जानकारी ली। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक के चाचा सुवालाल ने रिपोर्ट दी है कि उसके भाई का लड़का खेत में काम रहा था, बारिश से बचने के लिए खेत में पेड़ के नीचे बैठ गया,उसी पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरने से वह घायल हो गया।
घायल रामेश्वर लाल को लोसल के उप जिला अस्पताल लाया गया जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के शव को लोसल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। शनिवार को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वही लोसल कस्बे के निकटवर्ती ग्राम भीमा में आकाशीय बिजली गिरने से एक गाय की मौत हो गई। पीड़ित मांगीलाल सैनी ने बताया कि उनके खेत में बने घर के पास ही खेजड़ी के पेड़ के नीचे गाय बंधी हुई थी । बारिश के दौरान आकाशीय बिजली खेजड़ी के पेड़ के ऊपर गिरी, जिससे पेड़ के नीचे बंधी गाय की मौत हो गई।










































