लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
एसओजी की बड़ी कार्रवाई :
वनरक्षक भर्ती परीक्षा का पेपर 23 लाख रुपये में बेचा गया था
जयपुर। (आर.एन. सांवरिया) राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लीक करने वाले नेटवर्क पर स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) लगातार कड़ी कार्रवाई कर रहा है। इसी सिलसिले में एसओजी को एक और बड़ी सफलता मिली है। वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 के पेपर लीक में मुख्य सरगना को पेपर उपलब्ध कराने वाला आरोपी खिलान सिंह उर्फ KD डॉन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
मुख्य सरगना जबरा राम जाट से पूछताछ में खुला राज
एडीजी एसओजी विशाल बंसल के अनुसार 13 नवंबर 2022 को आयोजित वनरक्षक भर्ती परीक्षा-2020 पेपर लीक मामले में 50 हजार रुपए के इनामी और मुख्य आरोपी जबरा राम जाट से गहन पूछताछ में यह बड़ी कड़ी सामने आई। एसओजी ने पेपर लीक के मूल स्रोत को तोड़ते हुए इस महत्वपूर्ण आरोपी को धर दबोचा।
भोपाल प्रिंटिंग प्रेस से गोपनीय पेपर चोरी
गिरफ्तार आरोपी खिलान सिंह उर्फ KD डॉन, पिता हुबलाल सेन, निवासी चोपड़ा कला, भोपाल (मध्य प्रदेश) बताया जा रहा है।
पूछताछ में सामने आया कि–
-
वह भोपाल की रूचि प्रिंटिंग प्रेस में कार्यरत था,
-
वहीं वनरक्षक परीक्षा के पेपर छपे थे,
-
खिलान सिंह प्रेस में बेल कंपनी के माध्यम से बाइंडिंग कार्य करता था।
उसने प्रेस के कुछ कार्मिकों की मदद से परीक्षा की दोनों पारियों के पेपर चोरी कर मुख्य सरगना को सौंप दिए थे।
23 लाख रुपये में बेचा गया पेपर
खिलान सिंह ने स्वीकार किया है कि उसने यह पेपर जबरा राम जाट को 23 लाख रुपये में बेचा था।
-
भुगतान नगद
-
और ऑनलाइन दोनों माध्यमों से
-
तथा किस्तों में लिया गया था।
एसओजी की विशेष टीम ने लगातार प्रयास कर आरोपी को भोपाल से पकड़कर 10 दिसंबर को गिरफ्तार किया।
प्रेस के अन्य कार्मिकों की तलाश जारी
पूछताछ में KD डॉन ने प्रिंटिंग प्रेस में काम करने वाले कुछ और कर्मचारियों के नाम भी बताए हैं।
अब एसओजी इन सभी संदिग्धों की तलाश कर रही है और माना जा रहा है कि इस गिरफ्तारी से पेपर लीक गैंग के और राज खुल सकते हैं।
एसओजी की यह कार्रवाई भर्ती परीक्षाओं की शुचिता बहाल करने की दिशा में एक और बड़ी सफलता मानी जा रही है।
















































