लोक टुडे न्यूज नेटवर्क
योग और साइक्लिंग से फिटनेस व पर्यावरण संरक्षण का संदेश
लोकेशन: भरतपुर
रिपोर्ट: राजेन्द्र शर्मा जती, भरतपुर
भरतपुर। जिला पुलिस द्वारा पुलिस परेड ग्राउंड में रविवार को ‘संडे ऑन साइकिल’ अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों ने भी उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
योग से हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 6:30 बजे सामूहिक योग सत्र से हुई। योग विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन और प्राणायाम का अभ्यास करवाया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक दिगंत आनंद, सहायक पुलिस अधीक्षक पंकज, डिप्टी कमाण्डेंट 7वीं बटालियन आरएसी कुलदीप चारण, सीओ यातायात नरेन्द्र, बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
साइकिल रैली का आयोजन
सुबह 7 बजे साइकिल रैली का शुभारंभ हुआ, जिसे एक छात्रा ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली परेड ग्राउंड से शुरू होकर सर्किट हाउस, मानसिंह सर्किल, मुख्य बाजार, कुम्हेर गेट और काली बगीची होते हुए यातायात सर्किल पर सम्पन्न हुई।
एसपी दिगंत आनंद का संदेश
एसपी दिगंत आनंद ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, योग और व्यायाम को दैनिक जीवन में शामिल करने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने कहा –
“यदि हम प्रतिदिन थोड़ा समय योग और साइक्लिंग को दें, तो यह न केवल हमारे स्वास्थ्य के लिए लाभकारी है, बल्कि पर्यावरण के लिए भी हितकारी है।”
फिटनेस और समाजिक समन्वय का संगम
एसपी ने आगे कहा कि यह अभियान फिटनेस के साथ पुलिस और समाज के बीच आपसी समन्वय को भी मजबूत करता है और “फिटनेस की डोज, आधा घंटा रोज” के संदेश को सार्थक बनाता है।



















































