लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बोर्ड परीक्षा के बीच दर्दनाक घटना, पुलिस जांच में जुटी
भरतपुर। जिले के चिकसाना थाना क्षेत्र के गांव चक ऊंदरा में 10वीं कक्षा के एक छात्र का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना ऐसे समय में हुई है जब प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं जारी हैं और मृतक छात्र भी परीक्षा दे रहा था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिजन विजय सिंह पूनिया ने बताया कि मृतक भूरा गांव का निवासी था और इस वर्ष 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा दे रहा था। 25 फरवरी को वह अपने खेतों की ओर गया था, जहां ट्यूबवेल (समर) लगी हुई है। बुधवार शाम करीब 7 बजे तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार को चिंता हुई। इसके बाद माता-पिता और अन्य परिजन उसकी तलाश में खेत की ओर गए।
खेत के पास खड़े एक शीशम के पेड़ के निकट भूरा मृत अवस्था में मिला। यह दृश्य देखकर परिजन स्तब्ध रह गए। आनन-फानन में उसे जिला अस्पताल आरबीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई हुकुम सिंह ने बताया कि कंट्रोल रूम से सूचना मिलने पर पुलिस टीम तुरंत गांव पहुंची, लेकिन तब तक परिजन मृतक को अस्पताल ले जा चुके थे। रात में शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया और गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के पीछे कोई पारिवारिक, मानसिक या अन्य कारण तो नहीं था। मामले की जांच जारी है।


















































