Home crime बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, नाबालिग को ले जाने की थी साजिश

बांग्लादेशी युवक गिरफ्तार, नाबालिग को ले जाने की थी साजिश

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

झालावाड़। झालरापाटन थाना पुलिस ने नाबालिग अपहरण मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक बांग्लादेशी युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था और वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी अवैध रूप से भारत में रह रहा था। पुलिस ने नाबालिग लड़की को प्रयागराज से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि परिवादी द्वारा 14 वर्षीय नाबालिग लड़की के अपहरण का मामला दर्ज कराया गया था। शिकायत में बताया गया कि आरोपी लड़की को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन कर विभिन्न स्थानों पर दबिश दी।

कई राज्यों में की गई तलाश

पुलिस टीमों ने सुनेल, भवानीमंडी, सोयत, उज्जैन, इंदौर सहित कई स्थानों पर आरोपी की तलाश की। जांच के दौरान सूचना मिली कि आरोपी नाबालिग को कोलकाता की ओर ले जा सकता है। इसके बाद पुलिस ने रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की मदद से प्रयागराज रेलवे स्टेशन पर कार्रवाई करते हुए नाबालिग को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

फर्जी पहचान बनाकर रह रहा था आरोपी

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी झालावाड़ में “आदित्य विश्वास” नाम से रह रहा था, जबकि उसकी वास्तविक पहचान बांग्लादेश निवासी स्वप्नो विश्वास पुत्र बादल विश्वास के रूप में हुई है। आरोपी वर्ष 2024 में टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था, लेकिन वीजा समाप्त होने के बाद भी देश में अवैध रूप से रह रहा था।

जांच में यह भी पता चला कि आरोपी ने अपनी पहचान छुपाने के लिए आधार कार्ड सहित अन्य दस्तावेजों में स्थानीय पते का उपयोग किया था।

मोबाइल के जरिए हुआ संपर्क

पुलिस के अनुसार आरोपी का नाबालिग लड़की से संपर्क मोबाइल फोन के माध्यम से हुआ था। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी लड़की को बांग्लादेश ले जाने की योजना बना चुका था।

पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है तथा आरोपी द्वारा तैयार किए गए दस्तावेजों और उसके नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version