लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर (प्रदीप कुमार डागा) चिकित्सा विभाग के तत्वावधान में गुरुवार को महर्षि जनार्दन गिरि पुष्टिकर माध्यमिक विद्यालय सभागार में सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण विषयक जागरूकता एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी के निर्देशानुसार तथा जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. महेश वर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुआ।
कार्यशाला में विद्यालय की छात्राओं, महिला स्टाफ एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान डॉ. महेश वर्मा ने सर्वाइकल कैंसर के कारणों, लक्षणों और बचाव के उपायों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले प्रमुख कैंसरों में शामिल है, लेकिन समय पर जागरूकता और टीकाकरण से इससे काफी हद तक बचाव संभव है।
9 से 14 वर्ष की बालिकाओं के लिए विशेष अभियान
यूएनडीपी परियोजना समन्वयक महेंद्र सिंह भाटी ने बताया कि सरकार द्वारा 9 से 14 वर्ष आयु वर्ग की बालिकाओं के लिए विशेष टीकाकरण अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों, आश्रमों, बाल गृहों और अनाथालयों में अध्ययनरत बालिकाओं को शामिल किया जाएगा।
भाटी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य बालिकाओं को भविष्य में गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। उन्होंने छात्राओं एवं महिला कार्मिकों से अपील की कि वे अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी टीकाकरण के प्रति जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक बालिकाएं इसका लाभ उठा सकें।
उन्होंने बताया कि समय पर लगाया गया टीका सर्वाइकल कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम कर देता है और यह महिलाओं की स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
भ्रांतियों को दूर कर दी गई वैज्ञानिक जानकारी
कार्यशाला के दौरान छात्राओं को टीकाकरण से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इसके वैज्ञानिक और स्वास्थ्य संबंधी लाभों की जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें स्वच्छता, नियमित स्वास्थ्य जांच एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान छात्राओं ने स्वास्थ्य एवं टीकाकरण से जुड़े विभिन्न प्रश्न भी पूछे, जिनका विशेषज्ञों द्वारा सरल भाषा में समाधान किया गया।
विद्यालय परिवार ने किया स्वागत
विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत किया गया। संस्था के व्यवस्थापक आनंद पुरोहित ने कहा कि विद्यालय केवल शिक्षा ही नहीं बल्कि स्वास्थ्य जागरूकता के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने चिकित्सा विभाग के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक महेंद्र सिंह चारण, डूंगर सिंह, जाकिर हुसैन, ईश्वर सिंह, शुभम गोदारा सहित विद्यालय स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
