लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
महिलाएं भी उतरी मैदान में, खिलाड़ियों ने जोश के साथ खेली कबड्डी
जोधपुर। क्रीड़ा भारती द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर संचालित “खेल कबड्डी अभियान” के तहत जोधपुर महानगर में भव्य कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन उत्साहपूर्वक किया जा रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों पर आयोजित इन प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों, युवाओं और खेल प्रेमियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। विशेष रूप से महिला खिलाड़ियों की भागीदारी ने आयोजन को और अधिक आकर्षक बना दिया।
क्रीड़ा भारती जोधपुर महानगर के अध्यक्ष वरुण धनाडिया ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मूवमेंट की भावना को आगे बढ़ाते हुए इस अभियान का उद्देश्य खेलों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। साथ ही वर्ष 2036 में प्रस्तावित ओलंपिक खेलों में कबड्डी को शामिल कराने के लिए जनसमर्थन तैयार करना भी इस अभियान का प्रमुख लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि भारत की 2036 ओलंपिक मेजबानी की दावेदारी को मजबूत बनाने में ऐसे आयोजन महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं और खिलाड़ियों से कबड्डी को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
55 टीमों के बीच हुए रोमांचक मुकाबले
आयोजन में करीब 400 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिसमें 55 टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले खेले गए। प्रतियोगिता में पुरुष एवं महिला दोनों वर्गों की टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर शानदार खेल भावना का परिचय दिया।
50 से अधिक कार्यकर्ताओं का सहयोग
कार्यक्रम को सफल बनाने में 50 से अधिक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा। इनमें गोपाराम, प्रदीप चौधरी, रमेश, चतर्भुज, बृजपाल सिंह, भंवर पालीवाल, महेंद्र नानण, लुनेश खींची, सुमेर सिंह, पुष्पा गहलोत, शेर सिंह, गजराज शेखावत, दीपक शर्मा, दुष्यंत व्यास, निलेश सोनी, विनोद चौहान, पवन कुमार, शुभाष मीणा, देवेंद्र परिहार, पूनाराम, अंजू मेवाड़ा, सोहन किशन, घनश्याम जोधा, महेंद्र, अरुण शर्मा, बलवीर चौहान, लोकेंद्र सिंह और सुभाष बिश्नोई सहित अनेक कार्यकर्ता शामिल रहे।
कई गणमान्य लोग रहे मौजूद
महानगर सचिव नीरज कौशिक ने बताया कि कार्यक्रम में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय की प्राचार्या डॉ. शीला आसोपा, महात्मा राजकीय विद्यालय की प्राचार्य विनीता चौहान, चंदन सिंह, क्रीड़ा भारती प्रांतीय सचिव ओमप्रकाश प्रोहित, महानगर कोषाध्यक्ष दुष्यंत व्यास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
विभिन्न आयु वर्गों में होगी प्रतियोगिता
आगामी दिनों में भी शहर के अलग-अलग स्थानों पर कबड्डी प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता पुरुष एवं महिला खिलाड़ियों के लिए चार आयु वर्गों में आयोजित की जा रही है—
- 14 वर्ष तक
- 14 से 19 वर्ष तक
- 19 से 35 वर्ष तक
- 35 वर्ष से अधिक
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता में भाग लेना पूर्णतः निःशुल्क रहेगा।