लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/कुचेरा। नागौर पुलिस द्वारा अवैध बजरी खनन एवं परिवहन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुचेरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी से भरे एक डंपर को जब्त किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नागौर आशाराम चौधरी के निर्देशन तथा वृत्ताधिकारी मूंडवा विनोद शिवराण के सुपरविजन में थानाधिकारी हबीब खां के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 16 जून 2026 को गश्त के दौरान भैरूजी चौराहा, कुचेरा से एक डंपर (आरजे 21 जीई 8966) को रोककर जांच की। जांच में डंपर में लाल रंग की बजरी भरी हुई मिली।
पुलिस द्वारा चालक से बजरी परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज, ई-रवाना एवं वाहन के कागजात मांगे गए, लेकिन वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। चालक ने अपनी पहचान भारत सिंह पुत्र करणी सिंह, निवासी कवलीसर, थाना नोखा मंडी के रूप में बताई।
दस्तावेजों के अभाव में पुलिस ने डंपर को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत जब्त कर लिया तथा बजरी परिवहन मामले में आवश्यक कार्रवाई के लिए खनिज विभाग को सूचना दी।
कार्रवाई में थानाधिकारी हबीब खां, सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश एवं कांस्टेबल सहीराम की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि अवैध खनन और परिवहन के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।













































