Home latest अभय कुमार कांकरिया ने की देहदान की घोषणा

अभय कुमार कांकरिया ने की देहदान की घोषणा

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

 नागौर। (प्रदीप कुमार डागा) महावीर इंटरनेशनल नागौर रोग निदान केंद्र के प्रमुख एवं भामाशाह अभय कुमार कांकरिया ने अपने संपूर्ण शरीर के देहदान की घोषणा की है। उन्होंने अहमदाबाद में लिखित घोषणा पत्र भरकर यह संकल्प लिया।

कांकरिया ने कहा कि मृत्यु के बाद भी जीवन दिया जा सकता है और उसका सबसे सुंदर माध्यम देहदान है। उन्होंने बताया कि एक देह से 8 से 10 मेडिकल छात्र मानव शरीर की संरचना का अध्ययन कर सकते हैं, जो आगे चलकर डॉक्टर बनकर सैकड़ों लोगों की जान बचाते हैं।

उन्होंने कहा कि देहदान शिक्षा, शोध और चिकित्सा विज्ञान के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। मेडिकल विद्यार्थियों को वास्तविक शरीर पर अध्ययन और प्रशिक्षण का अवसर मिलता है, जिससे चिकित्सा क्षेत्र में नई तकनीकों और बेहतर उपचार पद्धतियों का विकास संभव होता है।

कांकरिया ने लोगों से देहदान के लिए आगे आने का आह्वान करते हुए कहा कि मिट्टी में मिल जाने से बेहतर है कि हमारी देह चिकित्सा शिक्षा और समाज के काम आए। उन्होंने देहदान को महादान बताते हुए कहा कि यह मृत्यु के बाद भी जीवन का उपहार है।

उन्होंने बताया कि अंगदान में केवल कुछ अंगों का उपयोग होता है, जबकि देहदान में संपूर्ण शरीर चिकित्सा शोध एवं प्रशिक्षण के लिए उपयोगी होता है। साथ ही मेडिकल संस्थान सम्मानपूर्वक अंतिम संस्कार की प्रक्रिया भी पूरी करते हैं।

अभय कुमार कांकरिया के इस प्रेरणादायी निर्णय पर महावीर इंटरनेशनल नागौर के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए इसे समाज के लिए अनुकरणीय पहल बताया। इस अवसर पर सुरेश राठी, विमलचंद नाहटा, गौतमचंद कोठारी, नरेंद्र संखलेचा, अनिल कुमार बांठिया, प्रीतम ललवानी, नरेंद्र कुमार जैन, महेश चोरड़िया, राजेश रावल, सुभाष कोठारी, राखी जैन एवं शिवशंकर व्यास सहित अनेक गणमान्यजन मौजूद रहे।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version