लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक)।
यहां राजकीय महाविद्यालय में चल रहे ‘रानी लक्ष्मीबाई आत्मरक्षा प्रशिक्षण शिविर’ के तहत मंगलवार को छात्राओं के लिए विशेष योग सत्र का आयोजन किया गया। शिविर टोंक जिले की कम्युनिटी पुलिस टीम प्रभारी अंजना चौधरी हेड कांस्टेबल , प्रशिक्षक बीना एवं आशा के निर्देशन में चलाया जा रहा है।शिविर की योग कक्षा में महाविद्यालय के प्राचार्य पानमल पहाड़िया ने छात्राओं को संबोधित किया। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा आत्मरक्षा के लिए केवल शारीरिक बल ही नहीं बल्कि मानसिक शांति, एकाग्रता और आंतरिक शक्ति भी उतनी ही आवश्यक है। उन्होंने छात्राओं को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया।
शिविर की प्रभारी दिव्या मीणा ने छात्राओं को योग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। उन्होंने छात्राओं को विभिन्न महत्वपूर्ण योगासन, प्राणायाम और ध्यान की तकनीकों का अभ्यास कराया। मीणा ने बताया कि ये आसन न केवल शरीर को लचीला बनाते हैं, बल्कि तनाव को दूर करने और आत्मविश्वास बढ़ाने में भी सहायक हैं। उल्लेखनीय है कि कम्युनिटी पुलिस टीम, टोंक द्वारा इस शिविर में छात्राओं को आत्मरक्षा की विभिन्न तकनीकों के साथ-साथ शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने का प्रशिक्षण दिया जा रहा है।छात्राओं को पंच, हैंडमूवमेंट, ब्लॉकेज,राइडिंग हॉर्स फाइटिंग पोजीशन जैसे अभ्यास सिखा कर आत्मविश्वासी बनाया जा रहा है ।
















































