20 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, हथियार बरामद

0
21
- Advertisement -

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

कोटपूतली पुलिस की बड़ी कार्रवाई:

कोटपूतली। जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोटपूतली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस और सप्लाई में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक सतवीर सिंह ने प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई उनके निर्देश पर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नाजिम अली खान एवं उप पुलिस अधीक्षक राजेंद्र कुमार बुरड़क के सुपरविजन में की गई।

थाना अधिकारी राजेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में कोटपूतली थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 20 हजार रुपये के इनामी आरोपी सचिन दायमा, निवासी चानचक्की (थाना सरूण्ड) को गिरफ्तार किया है।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से

  • 6 देशी पिस्टल
  • 10 जिंदा कारतूस
  • 5 खाली मैगजीन

बरामद किए हैं। इसके साथ ही अवैध हथियार सप्लाई में प्रयुक्त मोटरसाइकिल (नंबर RJ 32 SK 9184) को भी जब्त किया गया है।

पहले की गिरफ्तारी से खुला नेटवर्क

पुलिस के अनुसार 10 जून को संदिग्ध वाहनों की जांच के दौरान एक स्विफ्ट कार से पांच आरोपियों को अवैध हथियारों सहित गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ में इन आरोपियों ने हथियारों की सप्लाई सचिन दायमा से होने की बात स्वीकार की थी, जिसके बाद आरोपी पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

नाकाबंदी में दबोचा गया आरोपी

जिला स्पेशल टीम द्वारा लगातार की गई निगरानी और आसूचना संकलन के बाद आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने कल्याणपुरा पुलिया के पास नाकाबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार किया।

संगठित नेटवर्क की जांच जारी

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और सप्लाई का संगठित नेटवर्क चला रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और संगठित अपराध की धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस अब आरोपी से हथियारों के स्रोत, सप्लाई चैन और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।

- Advertisement -

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here