लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
अरावली बचाओ जन-जागरण पद यात्रा निकाली
भीलवाड़ा | पंकज पोरवाल
भीलवाड़ा | अखिल भारतीय कांग्रेस के 141वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिला कांग्रेस कार्यालय में झंडारोहण समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर जिला कांग्रेस देहात अध्यक्ष रामलाल जाट ने ध्वजारोहण कर कांग्रेस की स्थापना और संविधान व लोकतंत्र की रक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला।
रामलाल जाट ने कहा कि महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आजादी के संघर्ष में बलिदान हुए स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर हम आज भी लोकतंत्र और सामाजिक न्याय के लिए निरंतर प्रयत्नशील हैं। झंडारोहण से पूर्व जाट ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।
अरावली बचाओ जन-जागरण पद यात्रा
झंडारोहण के बाद अरावली बचाओ जन-आंदोलन के तहत जिला कांग्रेस कमेटी भीलवाड़ा (देहात) के नेतृत्व में जन जागरण पद यात्रा आयोजित की गई। पद यात्रा अरावली की तलेटी, पाबू राठोड़ जी के मंदिर, सुराज चौराहा एनएच 148 डी से प्रारंभ होकर बेमाता मंदिर कीड़ीमाल (करेड़ा) पर समापन हुई।
पद यात्रा के दौरान सामाजिक कार्यकर्ताओं ने कटपुतली नाटक, गीत और भजन के माध्यम से आमजन को जागरूक किया। रामलाल जाट ने कहा कि “अरावली केवल पहाड़ ही नहीं बल्कि हमारा माथा और हमारा जमीर है और इसे हमें बचाना है।” उन्होंने बताया कि अरावली की पहाड़ियाँ भूजल रिचार्ज, वर्षा जल संरक्षण, मरुस्थलीकरण रोकने, जैव विविधता बचाने और प्रदूषण नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाती हैं।
जनजागरण पद यात्रा में ओमप्रकाश नरानीवाल, राजेंद्र त्रिवेदी, मनीष मेवाड़ा, गोवर्धन गुर्जर, महेश सोनी, हैप्पी बना, मोनू त्रिवेदी, अशोक जैन, शीला गुर्जर सहित वरिष्ठ कांग्रेसजन, पीसीसी सदस्य, पूर्व विधायक/विधायक प्रत्याशी, पंचायती राज प्रतिनिधि, ब्लॉक/मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
रास्ते में ग्रामीणों ने पदयात्रा का स्वागत अभिनंदन कर किया। पद यात्रा के दौरान महिलाओं और युवाओं ने नाचते-गाते, ढोल-नगाड़ों के साथ अरावली बचाओ के नारे लगाए।
इस आयोजन का उद्देश्य सामाजिक जागरूकता बढ़ाना और आमजन को अरावली की रक्षा के लिए एकजुट करना था।











































