लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर/रियांबड़ी। रियांबड़ी क्षेत्र में एक मानसिक रूप से अस्वस्थ महिला को जंजीरों से मुक्त कर मानवता की मिसाल पेश की गई। स्वास्थ्य विभाग की पहल से महिला को न केवल बंधन से आज़ादी दिलाई गई, बल्कि उसका इलाज भी शुरू कराया गया।
यह सराहनीय कार्य मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जुगल किशोर सैनी, खंड मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. चेनाराम तथा जिला मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं मनोरोग विशेषज्ञ डॉ. राधेश्याम रोज के संयुक्त प्रयासों से संभव हो सका।
टीम ने परिजनों को समझाइश कर महिला को जंजीरों से मुक्त करवाया और मौके पर ही उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसके बाद उसे बेहतर उपचार के लिए जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज शुरू कर आवश्यक दवाइयां उपलब्ध करवाई गईं।
इस मानवीय पहल को क्षेत्र में सराहा जा रहा है, वहीं यह कदम मानसिक रोगों के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।






















































