लोक टुडे न्युज़ नेटवर्क
वीरपुरा पंचायत के करोडिया गांव में रविवार देर रात एक तेंदुए ने बाड़े में घुसकर भैंस के बछड़े का शिकार कर लिया। घटना से पूरे गांव में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि किसान रात में बाड़े के पास ही सो रहा था। अचानक पशुओं की हलचल और बछड़े की चीख सुनकर उसकी नींद खुल गई। उसने बाहर निकलकर जोर-जोर से शोर मचाया, जिसके बाद तेंदुआ बछड़े को छोड़कर भाग निकला।
गनीमत रही कि तेंदुए ने किसान पर हमला नहीं किया, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। शिकार के दौरान तेंदुआ बछड़े को मार चुका था। शोर सुनकर ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए और वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वनकर्मी मौके पर पहुंचे और पंचनामा तैयार कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में आसपास के क्षेत्र में तेंदुए के कई बार देखे जाने की घटनाएं सामने आई हैं। इससे लोगों में भय का माहौल है। वन विभाग ने लोगों से रात में सावधानी बरतने और पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है।
यह घटना जयसमंद क्षेत्र के पास की है, जहां जंगली जानवरों की आवाजाही अक्सर होती रहती है।













































