लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
रिपोर्टर: बनी सिंह मीना
गंगापुर सिटी (सवाई माधोपुर)।
शहर के मालियों की चौकी क्षेत्र में सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार सैनी कॉलोनी निवासी एक युवक अपने परिचित को मालियों की चौकी छोड़कर बाइक से वापस लौट रहा था, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार टेंपू ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तत्काल 108 एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस टीम ने घायल युवक को प्राथमिक उपचार देने के बाद जिला अस्पताल पहुंचाया।
घायल की पहचान दिलकुश पुत्र पप्पू सैनी (उम्र लगभग 22 वर्ष), निवासी सैनी कॉलोनी, गंगापुर सिटी के रूप में हुई है। डॉक्टरों के अनुसार युवक को सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
दुर्घटना के बाद टेंपू चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपी का पता लगाया जा सके।
स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा पर उठाए सवाल
स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में रात के समय भारी वाहन तेज रफ्तार में गुजरते हैं, जिसके चलते दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों ने प्रशासन और पुलिस से इस मार्ग पर स्पीड कंट्रोल के सख्त इंतजाम करने की मांग की है।
युवक के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां माहौल गमगीन है। परिवार ने टेंपू चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
