Home latest भरतपुर जाट आरक्षण हुंकार रैली: हनुमान बेनीवाल का सरकार पर हमला

भरतपुर जाट आरक्षण हुंकार रैली: हनुमान बेनीवाल का सरकार पर हमला

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

  मंच छोड़कर गए विधायक जगत सिंह

भरतपुर। युवा जाट आरक्षण संघर्ष समिति की ओर से भरतपुर के नुमाइश मैदान में आयोजित हुंकार रैली में मुख्य अतिथि के रूप में हनुमान बेनीवाल ने जाट आरक्षण के मुद्दे पर जोरदार हुंकार भरी। रैली में भाजपा विधायक डॉ. शैलेश सिंह और जगत सिंह भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री पर टिप्पणी के बाद बढ़ा सियासी तापमान

रैली के दौरान हनुमान बेनीवाल ने मंच से मुख्यमंत्री पर तीखी टिप्पणी की, जिसके बाद नदबई विधायक जगत सिंह नाराज होकर मंच छोड़कर चले गए। कार्यक्रम में बेनीवाल ने मंच पर मौजूद भाजपा विधायकों को माला और साफा नहीं पहनाया, जबकि आयोजक नेम सिंह फौजदार ने उनका पारंपरिक स्वागत किया।

निर्धारित समय से तीन घंटे देरी से पहुंचे बेनीवाल

आयोजकों द्वारा घोषित समय से हनुमान बेनीवाल तीन घंटे से अधिक देरी से सभा स्थल पहुंचे। दोपहर करीब ढाई बजे तक मैदान में भीड़ अपेक्षाकृत कम थी, लेकिन उनके आगमन की सूचना मिलने के बाद लोगों की संख्या बढ़ती दिखाई दी। आयोजकों ने लाखों लोगों के शामिल होने का दावा किया था, हालांकि मैदान में अपेक्षित संख्या नहीं पहुंच सकी।

केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग

रैली का मुख्य उद्देश्य भरतपुर, धौलपुर और डीग जिले के जाटों को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल करने की मांग को लेकर जनसमर्थन जुटाना था। वर्तमान में इन जिलों के जाट समुदाय को राज्य स्तर पर ओबीसी आरक्षण का लाभ मिलता है, लेकिन केंद्र सरकार की नौकरियों और केंद्रीय शिक्षण संस्थानों में यह सुविधा उपलब्ध नहीं है। यह मांग वर्ष 2015 से लंबित है।

“युवाओं को गुमराह किया जा रहा है”

अपने संबोधन में हनुमान बेनीवाल ने कहा कि भरतपुर और धौलपुर के युवाओं को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जाट समाज के भीतर आरक्षण का मुद्दा एक बड़ी चिंता का विषय है और वे किसी भी लड़ाई को अधूरा छोड़ने वालों में नहीं हैं।

उन्होंने कहा, “मैं किसी से डरता नहीं हूं और मन की बात खुलकर कहता हूं। भरतपुर के जाट स्वाभिमानी हैं और अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करना जानते हैं।”

रैली के बाद बड़ा राजनीतिक दावा

रैली समाप्त होने के बाद हनुमान बेनीवाल ने दावा किया कि इस जनसभा के बाद राजस्थान की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। उन्होंने कहा कि भरतपुर, धौलपुर और डीग के जाटों को केंद्रीय ओबीसी सूची में शामिल कराने के लिए आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

रैली में राजस्थान के भरतपुर, डीग, धौलपुर के अलावा हरियाणा, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नागौर और सीकर से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान जाट आरक्षण की मांग को लेकर एकजुटता का संदेश दिया गया।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version