Home latest अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर “योग गुरु सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर “योग गुरु सम्मान समारोह” का भव्य आयोजन

0

लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क

जयपुर। (रूपनारायण सांवरिया) भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय में भव्य एवं गरिमामय “योग गुरु सम्मान समारोह” का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राजस्थान सरकार की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने की।

उपमुख्यमंत्री के आगमन पर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने उनका दुपट्टा एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्ण नारों, पुष्पवर्षा और गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। पूरे परिसर में उत्साह और योगमय वातावरण देखने को मिला।

समारोह में समाज में योग, स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन एवं भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार में उल्लेखनीय योगदान देने वाले योगाचार्यों एवं योग प्रशिक्षकों को अंगवस्त्र, श्रीफल एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने अपने संबोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जिसने संपूर्ण विश्व को स्वस्थ जीवन की दिशा दी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज यह पूरी दुनिया में उत्साहपूर्वक मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के समन्वय का विज्ञान है। वर्तमान समय की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग स्वास्थ्य और संतुलन बनाए रखने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।

भाजपा जयपुर शहर जिलाध्यक्ष अमित गोयल ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारतीय संस्कृति की विश्व को अमूल्य देन है। यह न केवल स्वास्थ्य सुधार का माध्यम है, बल्कि व्यक्ति के व्यक्तित्व और राष्ट्र निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

उन्होंने कहा कि सम्मानित किए गए योग गुरु समाज को स्वस्थ और जागरूक बनाने का कार्य कर रहे हैं। भाजपा ऐसे प्रेरणादायी व्यक्तित्वों को सदैव प्रोत्साहित करती रहेगी।

मीडिया सह-प्रभारी नयन माधाणी (अग्रवाल) ने बताया कि कार्यक्रम में क्रीड़ा भारती के मेघसिंह चौहान, जिला महामंत्री नवरत्न नराणिया, रेखा राठौड़, राजेश तांबी सहित अनेक जिला पदाधिकारी, योगाचार्य, प्रशिक्षक, भाजपा कार्यकर्ता, मातृशक्ति, युवा शक्ति एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन सभी योग गुरुओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए “स्वस्थ, समृद्ध एवं योगमय भारत” के संकल्प के साथ किया गया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का विधिवत समापन हुआ।

NO COMMENTS

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Exit mobile version