लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
बालोतरा, राजस्थान। पचपदरा विधायक डॉ. अरुण चौधरी ने सोमवार को क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों का दौरा कर सेवा शिविरों का निरीक्षण किया तथा कई विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
दौरे के दौरान विधायक ने शहरी एवं ग्रामीण सेवा शिविरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आमजन की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बालोतरा नगर परिषद परिसर में आयोजित शहरी सेवा शिविर का निरीक्षण करते हुए विधायक ने विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आमजन की शिकायतों का समयबद्ध समाधान प्राथमिकता से किया जाए।
इस दौरान विधायक ने मूंगड़ा, पारलू और गडोई चारणान सहित कई स्थानों पर विकास कार्यों का लोकार्पण किया। पारलू गांव में नव निर्मित अटल ज्ञान केंद्र का उद्घाटन करते हुए उन्होंने कहा कि ऐसे केंद्र ग्रामीण युवाओं को शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं और आधुनिक ज्ञान से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ग्रामीणों ने इस अवसर पर विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं एवं मांगें रखीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण करने का आश्वासन दिया।
जानियाना गांव में विधायक ने भामाशाह शंकर देवासी के सहयोग से निर्मित नव निर्मित विद्यालय प्रवेश द्वार का भी लोकार्पण किया। इस अवसर पर उन्होंने भामाशाह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में समाज के दानदाताओं की भूमिका प्रेरणादायी है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा में किया गया योगदान समाज और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करता है तथा सभी सक्षम लोगों को इस दिशा में आगे आना चाहिए।
कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।