लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
लोसल (सीकर) से ओम प्रकाश सैनी
लोसल (सीकर): लोसल कस्बे में गुरुवार को पूर्व सैनिकों के गौरव और उनके हितों की सुरक्षा के उद्देश्य से “गौरव सेनानी सम्मेलन” का आयोजन बी.आर. मेमोरियल सेकेंडरी स्कूल के प्रांगण में किया गया। सम्मेलन में क्षेत्र के पूर्व सैनिकों ने हिस्सा लिया और पूर्व सैनिकों एवं शहीद परिवारों के कल्याण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
सम्मेलन में राज्य सरकार की गाइडलाइन के अनुसार लोसल में एक भव्य शहीद स्मारक का निर्माण, स्थानीय स्तर पर सीएसडी कैंटीन की स्थापना और ईसीएचएस सुविधाओं को सुलभ बनाने जैसे प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उपस्थित सभी पूर्व सैनिकों ने इन प्रस्तावों के समर्थन में अपनी सहमति व्यक्त की।
इस मौके पर संगठन की कार्यवाही को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने और प्रशासनिक स्तर पर पैरवी करने के लिए पूर्व सैनिकों की एक कार्यकारिणी का गठन भी किया गया। कार्यकारिणी में शामिल पदाधिकारी इस प्रकार हैं:
-
अध्यक्ष: पूर्व सूबेदार पदमाराम भाकर
-
उपाध्यक्ष: पूर्व ऑनरेरी फ्लाइंग अफसर रोशनलाल बिजारणियां
-
महासचिव: पूर्व ऑनरेरी फ्लाइट लेफ्टिनेंट मोहम्मद जमील कुरैशी
-
कोषाध्यक्ष: पूर्व कैप्टन रामकरण
-
मीडिया प्रभारी: पूर्व जेडब्ल्यूएम रामेश्वर लाल रणवा
नवनियुक्त अध्यक्ष पदमाराम भाकर ने कहा कि संगठन का मुख्य उद्देश्य पूर्व सैनिकों की समस्याओं का समाधान करना और शहीद परिवारों को उचित सम्मान व सहायता दिलाना होगा।
सम्मेलन के माध्यम से पूर्व सैनिकों के कल्याण और उनके गौरव को सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाने की दिशा में एक मजबूत पहल की गई है।
















































