लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
20 को मिले जर्मन तकनीक के अंग
जोधपुर | रिपोर्टर: बृजकिशोर पारीक
जोधपुर | जोधपुर में दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए बुधवार को शनिश्चर जी का थान परिसर में निःशुल्क कृत्रिम अंग वितरण एवं फिटिंग शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में 20 दिव्यांगजनों को निःशुल्क आधुनिक कृत्रिम अंग लगाए गए।
यह शिविर जिला प्रशासन जोधपुर, श्री साईं एजुकेशनल एंड वेलफेयर एसोसिएशन, ऑयल एंड नेचुरल गैस कॉरपोरेशन (ONGC) जोधपुर, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जोधपुर तथा ऑल इंडिया जैन माइनॉरिटी फेडरेशन जोधपुर के संयुक्त सहयोग से आयोजित किया गया।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग जोधपुर के संयुक्त निदेशक अनिल व्यास एवं कैंप कॉर्डिनेटर उम्मेदराज जैन ने बताया कि यह राजस्थान का पहला ऐसा शिविर है, जिसमें ONGC के सौजन्य से जर्मन कंपनी द्वारा निर्मित अत्याधुनिक कृत्रिम अंग निःशुल्क लगाए गए। शिविर में 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम हाथ एवं 10 दिव्यांगजनों को कृत्रिम घुटने लगाए गए, जिससे उनके जीवन में आत्मनिर्भरता और आत्मविश्वास बढ़ेगा।
शिविर के सफल आयोजन में श्री शनिश्चर थान ट्रस्ट जोधपुर का महत्वपूर्ण और सराहनीय सहयोग रहा।
कार्यक्रम में ONGC जोधपुर के जनरल मैनेजर (एचआर हेड) फिरोज ग्यास भी उपस्थित रहे। उन्होंने इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे सहयोग की प्रतिबद्धता जताई।
शिविर में लाभान्वित दिव्यांगजनों और उनके परिजनों ने आयोजनकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए इसे उनके जीवन में बदलाव लाने वाला कदम बताया।


















































