लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
गौतम शर्मा | राजसमंद।
राजसमंद। राजसमंद–भीलवाड़ा राजमार्ग स्थित रूपाखेड़ा टोल प्लाजा पर शनिवार को सुरक्षित यात्रा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में आरके चिकित्सालय के नेत्र सहायक चिकित्सक डॉ. नीरज चौधरी द्वारा विशेष अभियान के तहत 35 वाहन चालकों की आंखों की जांच की गई।
शिविर के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. हेमंत बिंदल ने टोल प्लाजा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने वाहन चालकों से संवाद करते हुए सुरक्षित ड्राइविंग पर जोर दिया और कहा कि आंखों की नियमित जांच से सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आंखों से स्पष्ट दिखाई न देने की स्थिति में वाहन चलाना खतरनाक हो सकता है।
इस अवसर पर टोल मैनेजर राकेश कुमार दायमा, हाईवे टोल मैनेजर पांचू राम कुमावत सहित बड़ी संख्या में टोल कर्मचारी उपस्थित रहे। चालकों में शिविर को लेकर उत्साह देखा गया और स्वास्थ्य विभाग तथा टोल प्लाजा प्रशासन की इस पहल की सराहना की गई।
















































