लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
उनियारा (सत्यप्रकाश मयंक) राजकीय महाविद्यालय के महिला प्रकोष्ठ में महिला नीति के अंतर्गत सेल्फ हेल्प सर्विस विषय पर व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. पानमल पहाड़िया ने की।
मुख्य वक्ता दिव्या मीणा ने व्याख्यान में सेल्फ हेल्प सर्विस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को बताया कि कैसे ये सेवाएँ महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने में सहायक हो सकती हैं। उन्होंने रूमा देवी का उदाहरण देते हुए सेल्फ हेल्प ग्रुप की अवधारणा, संचालन के तरीके और इसके माध्यम से महिलाओं को मिलने वाले वित्तीय, सामाजिक और मानसिक लाभ की विस्तृत जानकारी दी।
महिला प्रकोष्ठ की नोडल अधिकारी दिव्या कुमारी मीणा ने छात्राओं को स्वरोजगार और उद्यमशीलता की दिशा में कदम बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य डॉ. पानमल पहाड़िया ने कहा कि महिला सशक्तिकरण में इस तरह की सेवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है और भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महाविद्यालय की महिला नीति के अनुरूप छात्राओं में आत्मविश्वास, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूकता पैदा करना था। व्याख्यान में विशाल कटिया, डॉ. भानूप्रकाश, आशीष यादव, डॉ. मिनाल रमेश, मुकेश मीणा सहित 40 छात्राओं और अन्य कर्मचारियों ने भाग लिया।
















































