लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
राजसमंद (गौतम शर्मा)।
कुंवारिया कस्बे के उच्च माध्यमिक विद्यालय परिसर में मंगलवार को राजसमंद उपखंड अधिकारी बृजेश गुप्ता के निर्देशन में ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता कुंवारिया तहसीलदार सुंदरलाल मीणा ने की। शिविर की सूचना मिलते ही ग्रामीण अपने-अपने दस्तावेज लेकर पहुंचे और बारी-बारी से अपनी समस्याएं रखीं, जिनका मौके पर ही निस्तारण किया गया।
शिविर का आयोजन कुंवारिया, फियावड़ी, लापसिया एवं पीपली अहिरान पंचायतों के लिए संयुक्त रूप से किया गया। इसमें राजस्व, पंचायतीराज, बिजली, कृषि, पशुपालन एवं चिकित्सा विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों को सुनकर त्वरित समाधान किया गया।
ग्राम विकास अधिकारी विनोद कुमावत ने बताया कि शिविर में राजस्व प्रकरणों के साथ-साथ पंचायतीराज, बिजली एवं अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं का निस्तारण किया गया। कुंवारिया सीएचसी के डॉ. चिराग अहारी ने जानकारी दी कि शिविर में 190 मरीजों की खांसी-जुकाम, बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य जांच की गई तथा निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। साथ ही आयुष्मान कार्ड की ई-केवाईसी भी की गई।
पशुपालन विभाग के पशुधन प्रसार अधिकारी कांतिलाल बामनिया ने बताया कि 20 किसानों को चिचड़ी की दवा एवं मिनरल मिक्चर पाउडर वितरित किया गया तथा मंगला पशु बीमा योजना की जानकारी दी गई। कृषि विभाग के अधिकारी कुलदीप सिंह ने बताया कि तारबंदी के 5, पाइपलाइन के 7 और फार्म पोंड के आवेदन तैयार किए गए तथा किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों की जानकारी दी गई।
विद्युत विभाग के सुपरवाइजर कृष्ण कुमार चौधरी ने बताया कि शिविर में 5 किसानों की शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 2 नए मीटर लगाए गए, 2 बिजली पोल खड़े किए गए और एक किसान का ट्रांसफार्मर बदला गया।
शिविर में सहायक विकास अधिकारी जगदीश चंद्र कुमावत, पटवारी स्वीटी शर्मा एवं ज्योति, फियावड़ी के ग्राम विकास अधिकारी जगदीश चंद्र गर्ग, लापसिया के कैलाश चंद्र, पीपली अहिरान के गोवर्धन लाल, कुंवारिया के विनोद कुमावत, सहायक सचिव शंभूलाल भील, ई-मित्र संचालक प्रियंका मिश्रा, गिरीश झा, रमेश चंद्र सालवी सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं आशा सहयोगिनियों ने अपनी सेवाएं दीं।
शिविर में घाटी, फियावड़ी, रेलवे स्टेशन, लापसिया सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

















































