लोक टुडे न्यूज़ नेटवर्क
नागौर। कोतवाली थाना क्षेत्र में नकली पाइप निर्माण और ब्रांड दुरुपयोग के मामले में नागौर कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओम श्री बालाजी पीवीसी पाइप फिटिंग नामक फर्म से पॉलीकैब कंपनी के चिह्न लगे 70 संदिग्ध पाइप बरामद किए हैं। यह फैक्ट्री आरआईआईसीओ क्षेत्र, बीकानेर रोड, नागौर स्थित प्लॉट संख्या एच-1-185/110 पर संचालित बताई जा रही है।
पॉलीकैब कंपनी के अधिकृत प्रतिनिधि मुकेश मिश्रा को सूचना मिली थी कि उक्त फैक्ट्री में उनकी कंपनी के अधिकृत ब्रांड “पॉलीकैब” का दुरुपयोग कर नकली पाइपों का निर्माण और बिक्री की जा रही है। इस संबंध में उन्होंने 15 दिसंबर 2025 को कोतवाली थाना नागौर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि नकली पाइपों की बिक्री से न केवल कंपनी को बल्कि राज्य सरकार को भी राजस्व हानि हो रही है, वहीं असली कंपनी के नाम पर नकली उत्पाद बेचकर आम उपभोक्ताओं के साथ धोखाधड़ी की जा रही है।
शिकायत के बाद पुलिस टीम कंपनी प्रतिनिधि के साथ फैक्ट्री पहुंची और मौके पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान फैक्ट्री में पाइप निर्माण का कार्य बंद पाया गया, लेकिन वहां से “पॉलीकैब” चिह्न अंकित कुल 70 पाइप बरामद किए गए। हालांकि निरीक्षण के दौरान पुलिस को पाइपों पर ब्रांड चिह्न लगाने में उपयोग होने वाली कोई डाई या अन्य सामग्री मौके से नहीं मिली।
पुलिस ने फैक्ट्री मालिक हरीश से पूछताछ की। हरीश ने बताया कि उसने विभिन्न ट्रक चालकों से सस्ते दामों पर पॉलीकैब सहित अलग-अलग ब्रांडों के पाइप खरीदे थे। उसका कहना है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि ये पाइप नकली हैं या उन पर पॉलीकैब कंपनी का नकली चिह्न लगा हुआ है।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह पता लगाया जा रहा है कि नकली पाइपों की आपूर्ति कहां से की गई और इस पूरे नेटवर्क में कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


















































